मोदी सरकार ने 7 चहेते मुख्यमंत्रियों को दिल्ली के लुटियंस जोन में दिया सरकारी बंगला, RTI से मिली जानकारी
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने विभिन्न राज्यों के 7 मुख्यमंत्रियों को दिल्ली के लुटियंस जोन में सरकारी बंगला एलॉट कर रखा है। खास बात ये है कि ये मुख्यमंत्री या तो भारतीय जनता पार्टी के हैं या फिर बंगला एलॉट किए जाने के वक्त एनडीए का हिस्सा रहे थे। एक RTI से मिली जानकारी के अनुसार, इन 7 मुख्यमंत्रियों को दिल्ली के लुटियंस जोन में सरकारी बंगला दिया गया है। मोदी सरकार के आने के बाद लुटियंस जोन में नियम-विरुद्ध रह रहे नेताओं से बंगले खाली कराने के बीच सरकार ने करीबियों को बंगला आवंटित करने में दरियादिली दिखाई है।
आरटीआई के जरिए मिली जानकारी
इंडिया टुडे द्वारा फाइल की गई आरटीआई के बाद मंत्रालय से जानकारी मिली कि 7 मुख्यमंत्रियों को किन-किन जगहों पर सरकारी बंगले आवंटित किए गए हैं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब को दिल्ली में 6, तालकटोरा रोड बंगला आवंटित किया गया है। 6, तालकटोरा रोड लुटियन जोन में टाइप 6 बी बंगला है जिसे सीएम बिप्लब देब को 24 अप्रैल 2018 को आवंटित किया गया था।
एन चंद्रबाबू नायडू और केसीआर को भी मिला सरकारी बंगला
तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव को साल 2015 में 23, तुगलक रोड टाइप- 8 बंगला दिया गया। एन चंद्रबाबू नायडू, सीएम, आंध्र प्रदेश को साल 2016 में 7,सफदरजंग रोड टाइप- 8 बंगला आवंटित गया। असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल को साल 2016 में 29, कैनिंग लेन टाइप 6 बी बंगला दिया गया।
नीतीश कुमार को भी 2017 में मिला सरकारी बंगला
झारखंड के सीएम रघुबर दास को साल 2015 में एबी -13, मथुरा रोड टाइप 7 बंगला आवंटित किया गया। बिहार के सीएम नीतीश कुमार को साल 2017 में 6, के कामराज लेन, टाइप- 7 बंगला आवंटित किया गया। जबकि उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को साल 2017 में एबी -1, पुराना किला रोड, टाइप 7 बंगला आवंटित किया गया।