नोटबंदी से परेशान लोगों की मदद के लिए सामने आया चर्च
जहां 500 और 1000 के नोटों को बदलने के लिए बैंकों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं, वहीं केरल के चर्च ने अपने दान-पात्र को लोगों की मदद के लिए खोल दिया है।
नई दिल्ली। अपने पुराने 500 और 1000 के नोटों को बदलने के लिए जहां बैंकों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं, वहीं दूसरी तरफ केरल के चर्च ने अपने दान-पात्र को लोगों की मदद के लिए खोल दिया है।

रविवार को केरल के कोच्ची में स्थित इस चर्च में रखे दो दानपात्रों के लोगों की मदद के लिए खोल दिया गया। चर्च के पादरी फादर जिम्मी पूचाक्कड़ ने बताया कि चर्च के दान-पात्रों मे से कोई भी व्यक्ति अपनी जरूरत के हिसाब पुराने नोटों के बदले छुट्टे रुपए ले जा सकता है।
उन्होंने बताया कि चर्च की दान पेटियों में छुट्टे रुपए हैं।
इन रुपयों का इससे अच्छा उपयोग नहीं हो सकता कि ये रुपए लोगों की परेशानी के वक्त उनके घर का खर्च चलाने में मदद करें।
फादर जिम्मी ने बताया कि जिनके पास अभी रुपए नहीं हैं वे भी दान-पात्र से अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए रुपए ले जा सकते हैं। बाद में जब उनके पास रुपए आ जाएं तो वे उपहार स्वरूप ईश्वर को रुपए वापस कर दें।
फादर ने बताया कि सुबह 6 बजे से इन दान-पात्रों को खोला गया था। करीब 200 परिवारों ने रविवार को अपनी जरूरत के हिसाब से इन रुपयों का उपयोग किया कुछ लोगों ने रुपए बदले और कुछ ने अपनी जरूरत के हिसाब से रुपए लिए।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को घोषणा की थी कि आज रात 12 बजे के बाद से 500 और 1000 रुपए के पुराने नोट बंद हो जाएंगे। बैंकों में 30 दिसंबर 2016 तक पुराने नोटों को बदलने की समय सीमा तय की गई है।
इसके बाद से ही बैंकों में पुराने नोट बदलने और एटीएम से रुपए निकालने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। सरकार की तरफ से किए जा रहे प्रयासों के बावजूद लोगों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications