चुनाव आयोग, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के बीच 42 जजों ने दी चेतावनी, SIR और वोट चोरी को लेकर कही बड़ी बात

चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन के बीच अब पूर्व जजों का एक बड़ा समूह सामने आया है। 42 पूर्व जजों ने खुले पत्र के जरिए चुनाव आयोग और दूसरी संवैधानिक संस्थाओं पर बिना ठोस सबूत लगाए जा रहे आरोपों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि चुनाव से जुड़ी शिकायतों को सड़क और प्रेस कॉन्फ्रेंस की बजाय कानूनी और लोकतांत्रिक रास्ते से उठाया जाना चाहिए।

इस पत्र में SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का भी बचाव किया गया है। पूर्व जजों के मुताबिक मतदाता सूची को सही और अपडेट रखने के लिए चलने वाली यह प्रक्रिया कानून के दायरे में है। उनका सबसे बड़ा सवाल 'वोट चोरी' जैसे आरोपों को लेकर है। उनका तर्क है कि अगर किसी संवैधानिक संस्था पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, तो उनके साथ ठोस सबूत भी सामने आने चाहिए।

Gyanesh Kumar Chief Election Commissioner

42 पूर्व जजों का खुला पत्र: 'प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप, कोर्ट में सबूत गायब'

पूर्व जज जस्टिस हेमंत गुप्ता और जस्टिस पंकज मित्तल समेत 42 पूर्व न्यायविदों के हस्ताक्षर वाले इस पत्र में विपक्षी दलों की कार्यशैली पर सीधा प्रहार किया गया है। पूर्व जजों ने कहा,

"वोट चोरी जैसे गंभीर दावे सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए जाते हैं, लेकिन जब चुनाव आयोग हलफनामा मांगता है तो कोई सबूत पेश नहीं करता। जो पार्टी पांच दशकों तक सत्ता में रही, आज वही पूरी व्यवस्था को फर्जी बता रही है। हारने पर ईवीएम को दोष देना और जीतने पर चुप्पी साध लेना केवल माहौल बनाने की राजनीति है।"

दिल्ली हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस शिव नारायण ढींगरा ने दोटूक कहा, "यह पूरा शोर आम मतदाताओं का नहीं है, बल्कि चुनाव हार चुकी राजनीतिक पार्टियां अपनी नाकामी छिपाने के लिए यह बवाल खड़ा कर रही हैं।"

'वोट चोरी' के आरोपों पर सबसे बड़ा सवाल

पत्र में विपक्ष के उन आरोपों पर भी सवाल उठाया गया है, जिनमें चुनाव प्रक्रिया और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की बात कही जा रही है। पूर्व जजों ने तंज कसते हुए कहा कि "वोट चोरी के आरोप अदालत में सबूत के साथ रखने की बजाय प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए जा रहे हैं। जब चुनाव आयोग हलफनामा मांगता है, तो वही आरोप अदालत के सामने उसी मजबूती से नहीं आते।"

EVM को लेकर भी पत्र में यही सवाल उठाया गया है। पूर्व जजों ने कहा कि चुनाव हारने के बाद मशीन पर सवाल उठते हैं, लेकिन उसी EVM से जीत मिलने पर सवाल नहीं उठाए जाते। पत्र में कांग्रेस का नाम लिए बिना उसके लंबे राजनीतिक इतिहास की तरफ इशारा करते हुए कहा गया कि जिस पार्टी ने दशकों तक इसी चुनावी व्यवस्था के जरिए सत्ता हासिल की, वही अब उसी व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा कर रही है।

पूर्व जजों ने दिए 3 बड़े तर्क

  • अराजकता का खतरा: चुनावों और आयोग की साख को जबरन अमान्य ठहराने की कोशिशों से देश में अशांति फैल सकती है।
  • अधिकारियों को धमकी: चुनाव कराने वाले अफसरों को डराया जा रहा है और सत्ता बदलने के बाद देख लेने की चेतावनियां दी जा रही हैं।
  • याचिकाओं का खेल: एक्टिविस्ट और संगठन एक के बाद एक अदालत में याचिकाएं तो लगाते हैं, लेकिन उनके पास कोई पुख्ता सबूत नहीं होता।

जस्टिस उज्जल भुइयां के बयान पर भी उठे सवाल

SIR विवाद में सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज जस्टिस उज्जल भुइयां का बयान भी चर्चा में है। 4 अक्टूबर को NALSAR में बोलते हुए उन्होंने कहा था कि ऐसी कोई प्रक्रिया, जिससे लाखों नागरिक वोट देने के अधिकार से बाहर हो जाएं, उसे मनमाना माना जा सकता है।

इसके बाद पूर्व CJI जस्टिस बीआर गवई और कुछ रिटायर्ड जजों ने इस बयान पर आपत्ति जताई। उनका तर्क था कि SIR से जुड़ा मामला पहले से सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। ऐसे में किसी मौजूदा जज को उस पर सार्वजनिक टिप्पणी करते वक्त न्यायिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

रिटायर्ड दिल्ली हाई कोर्ट जज जस्टिस शिव नारायण ढींगरा ने भी विपक्ष के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मुद्दा सिर्फ मतदाताओं की चिंता नहीं दिखाता, बल्कि इसमें राजनीतिक हित भी जुड़े हैं। उनके मुताबिक, "जो राजनीतिक दल चुनाव में नाकाम रहे हैं, वही इस मुद्दे को लेकर सबसे ज्यादा शोर कर रहे हैं।"

2000 नागरिकों की चिट्ठी और सुप्रीम कोर्ट में पेंडिंग याचिकाएं

विपक्ष की तरफ से सितंबर महीने में ही पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल विष्णु भागवत, प्रशांत भूषण, इतिहासकार आदित्य मुखर्जी और प्रकाश राज समेत 2000 से अधिक नागरिकों ने CJI सूर्यकांत को लेटर लिखकर ECINet प्लेटफॉर्म और वोटर लिस्ट की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की थी।

हालिया 5 अक्टूबर की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने SIR प्रक्रिया को निलंबित करने का अंतरिम आदेश देने से तो इनकार कर दिया, लेकिन आयोग को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि अगर फैसले बिना सहमति के लिए गए पाए गए, तो उन्हें रद्द कर दिया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित, इसलिए बढ़ी सियासी गर्मी

SIR से जुड़ी कई याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। चुनाव आयोग से जुड़े नए कानून को लेकर भी कानूनी चुनौती जारी है। इस कानून में मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति वाली चयन समिति से CJI को बाहर रखा गया है।

5 अक्टूबर की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने ज्ञानेश कुमार को तुरंत निलंबित करने का अंतरिम आदेश देने से इनकार किया, लेकिन चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने यह भी संकेत दिया कि अगर आयोग के फैसले कानून और तय प्रक्रिया के मुताबिक नहीं पाए गए, तो जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस लेने पर विचार किया जा सकता है।

यही वजह है कि विवाद का असली केंद्र अब सिर्फ सड़क पर होने वाला प्रदर्शन नहीं है। सवाल यह भी है कि SIR में क्या हुआ, उसके समर्थन और विरोध में कौन से सबूत हैं और आखिर अदालत इस पूरे मामले पर क्या फैसला देती है।

फिलहाल 42 पूर्व जजों का संदेश साफ है, चुनाव आयोग पर सवाल उठाइए, लेकिन गंभीर आरोपों के साथ सबूत भी रखिए। क्योंकि उनके मुताबिक चुनावी प्रक्रिया पर लगातार अविश्वास पैदा करना सिर्फ किसी एक पार्टी या आयोग का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक सिस्टम में जनता के भरोसे का सवाल है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+