मोदी सरकार के 4 साल पूरे: पीएम मोदी ने देश को घोटाला मुक्त शासन दिया
नई दिल्ली: चार साल पूरे होने के मौके पर एक तरफ मोदी सरकार अपनी उपलब्धियां गिना रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस चार साल की असफलताओं पर हमला बोल रही है। वहीं चार साल पूरे होने पर अब बीजेपी के दिग्गज नेता और वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि 2019 का लोकसभा चुनाव पीएम मोदी और विपक्ष के अराजकतावादी गठबंधन के बीच होगा। अरुण जेटली ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए हाल वर्षों में विकल्प तलाशने की होड़ मची है।

इनमें कई दल ऐसे हैं जो हतोत्साहित हैं और एक-दूसरे के साथ आने का वादा करते दिखाई दे रहे हैं। फेसबुक पर किए गये अपने पोस्ट में पिछली यूपीए सरकार को आजाद भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को घोटाला मुक्त शासन दिया है। जेटली ने पीएम मोदी को पार्टी और देश दोनों का नेता बताया। उन्होंने लिखा है कि वैश्विक आर्थिक मंच पर भारत 'ब्राइट स्पॉट' के रूप में उभर कर सामने आया है।
उन्होंने लिखा है कि फेडरल फ्रंट एक बेकार आईडिया है और कांग्रेस जैसे दल अब स्थानिय दलों के आगे कमतर साबित हो रहे हैं। कांग्रेस क्षेत्रिय दलों की सहयोगी पार्टी के रूप में कर्नाटक में सामने आई है और अपना अस्तित्व खो चुकी है। बता दें कि जेटली का एम्स में किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन हुआ है और फ़िलहाल पीयूष गोयल वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं।
इसके पहले कांग्रेस ने मोदी सरकार के 4 साल पूरे होने पर आज फिर हमला बोला और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने बीजेपी के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर कहा कि भाजपा खुद मुक्त हो जायेगी लेकिन कांग्रेस इस धरती से कभी मुक्त नहीं होने वाली है। हमारी लड़ाई नीतियों की और विचारधारा की है।












Click it and Unblock the Notifications