ठंड का 'तांडव' जारी, बर्फीली हवाओं की गिरफ्त में कई राज्य, दिल्ली के लिए IMD ने कही ये बात
Weather Updates: ठंड की ठिठुरन और कोहरे ने लोगों को परेशान किया हुआ है। राजधानी दिल्ली में आज सुबह भी घना कोहरा छाया हुआ रहा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम में बदलाव हुआ है लेकिन इसके बावजूद मौसम में जबरदस्त ठंडक है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि अगले 4-5 दिन तक उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप रहेगा और लोगों को कोहरे की मार सहनी पड़ेगी लेकिन धीरे-धीरे कोहरे में कमी आएगी।
27 और 28 जनवरी को पड़ सकती है कड़ाके की ठंड
आईएमडी के मुताबिक माउंट आबू में तापमान माइनस में चला गया है तो वहीं आज भी सुबह पूर्वी यूपी, बिहार, पंजाब और चंडीगढ़ में भी घना कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली के एयर क्वालिटी इंडेक्स में पिछले दिनों के मुकाबले सुधार हुआ है लेकिन अभी भी आबो-हवा में प्रदूषण बरकरार है। आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि 27 और 28 जनवरी को दिल्ली में शीत लहर पड़ सकती है तो वहीं इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है।
Recommended Video
माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे
केवल दिल्ली ही नहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की आशंका है। तो वहीं घाटी में तो जमकर ठंड पड़ रही है। कल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया तो वहीं हिमाचल प्रदेश के केलांग में पारा -13.1 डिग्री सेल्सियस और कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान -11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
घाटी में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पुंछ, राजौरी, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, अनंतनाग, कुलगाम, बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल और कारगिल जिलों के ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन की आशंका है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में घाटी के मौसम में सुधार होगा।
बर्फीली हवाओं की गिरफ्त में कई राज्य
जबकि स्काईमेट के मुताबिक उत्तर भारत को हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सामना करना पड़ सकता है, बर्फीली हवाएं पंजाब में अमृतसर, जालंधर, पठानकोट, शहीद भगत सिंह नगर, लुधियाना, पटियाला, बरनाला से लेकर राजस्थान में चुरू, गंगानगर, भरतपुर, अलवर, झुंझुनू, हरियाणा में अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, लखनऊ, बहराइच प्रभावित होंगे।
यह पढ़ें: बर्फ की सफेद चादर से ढंका दुनिया का सबसे बड़ा रेगिस्तान, Yellow Snow को देख लोग हैरान