देश में कोरोना के मामलों में मामूली राहत, 3962 नए मरीज मिले, 26 की मौत
नई दिल्ली, 4 जून: देशभर में कोरोना महामारी के केस अब कम हुए हैं, लेकिन सरकार अभी भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही। शनिवार को देश को नए मामलों में मामूली राहत मिली, जहां 3962 केस रिकॉर्ड किए गए, जबकि शुक्रवार को ये आंकड़ा 4041 था। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 26 लोगों ने जान गंवाई और 2697 लोग इस वायरस से रिकवर हुए हैं। इस वजह से देश में एक्टिव केस की संख्या 22416 हो गई। वहीं देश में 1,93,96,47,071 डोज वैक्सीन लोगों को दी जा चुकी है।

Recommended Video
शु्क्रवार को आंकड़ा 4 हजार के पार गया था, जिसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु समेत पांच राज्यों के अधिकारियों को पत्र लिखा। साथ ही उन्हें कोरोना पर लगाम लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा संक्रमित हो रहे लोगों के ग्रुप को बारीकी से निगरानी करने को कहा। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में कुछ राज्यों में तेजी से मामले बढ़ते हुए देखे गए, ऐसे में सभी को ये निर्देश दिया जाता है कि वो हालात बिगड़ने से पहले इस पर लगाम लगा दें।
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिए ये निर्देश
वहीं कोरोना से संबंधित एक याचिका पर शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई। जिस पर कोर्ट ने कहा कि फ्लाइट में सभी यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य है। अगर कोई भी यात्री मास्क पहनने से इनकार करता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाए, साथ ही उसे फ्लाइट से उतार दिया जाए। इसके अलावा अगर जरूरी लगे तो उसे नो फ्लाई लिस्ट में डाल दिया जाए।
महाराष्ट्र ने बढ़ाई चिंता
महाराष्ट्र ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है, जहां कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। शुक्रवार को राज्य में 1134 कोरोना के नए मामले सामने आए। जिसके बाद प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 12 प्रतिशत बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक वहां अभी एक्टिव केस की संख्या 5000 से ऊपर है।












Click it and Unblock the Notifications