कोरोना: देश के 30 राज्यों में लॉकडाउन, संक्रमितों का आंकड़ा 471 पहुंचा
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस महामारी से 9 लोगों की मौत के बाद 30 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 548 जिलों में सोमवार की शाम पूरी तरह लॉकडाउन की घोषणा की गई। अकेले सोमवार को 95 नए कोरोना पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई जो एक दिन में अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। सोमवार की रात तक इस वायरस से कुल 471 लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, पुडुचेरी में 31 मार्च तक कर्फ्यू लागू हो गया है।
वायरस के फैलाव में तेजी को देखते हुए राज्य सरकारों ने अतिरिक्त कदम उठाने का फैसला किया है। जिसके बाद चंडीगढ़, दिल्ली, गोवा, जम्मू कश्मीर, नागालैंड, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, लद्दाख, झारखंड, अरूणाचल प्रदेश, बिहार, त्रिपुरा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, तमिलनाडु, केरल, हरियाणा, दमन दीव और दादर नगर हवेली, पुडुचेरी, अंडमान निकोबार, गुजरात, कर्नाटक और असम को को मिलाकर देशभर के 30 राज्यों के 577 जिले लॉकडाउन हो चुके हैं।
इसके अलावा तीन राज्य ऐसे हैं जिनमें कुछ जिलों में लॉकडाउन है। इन तीन राज्यों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा शामिल है। वहीं सिक्किम और मिजोरम में अभी तक किसी भी तरह का आदेश जारी नहीं किया गया। वहीं सोमवार (23 मार्च) को दो लोगों की कोरोना के चलते मौत हुई है, जिनमें एक पश्चिम बंगाल और एक हिमाचल प्रदेश से है। जैसे ही सभी बड़े राज्यों से इन्फेक्शन की रिपोर्ट आई, केन्द्र सरकार ने प्रतिबंधों को और कड़ा करते हुए घरेलू उड़ानों पर रोक लगा दी और नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी दी।
देश में सबसे पहले पंजाब ने सोमवार को पूरे राज्य में कर्फ्यू लगा दिया और इससे केवल आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि सोमवार की मध्य रात्रि से पूरे राज्य में कर्फ्यू लगाया जाएगा क्योंकि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई 'अहम मोड़' पर पहुंच गई है। वहीं राजस्थान में संक्रमण के बढ़ते केस के चलते शनिवार को 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन कर दिया गया। दूसरे राज्यों से आने वाली बसों को रोक दिया गया है। राजस्थान के अंदर भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद है। जयपुर में मेट्रो को बंद कर दिया गया।
Recommended Video
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए संक्रमण के प्रकोप से बचने के लिए राजधानी दिल्ली को 31 मार्च तक लॉकडाउन है। प्राइवेट बसें, टैक्सी, रिक्शा, ई-रिक्शा समेत सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद हैं। प्रशासन ने दिल्ली में लॉकडाउन तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को कर्फ्यू पास जारी किया जाएगा।
कोरोना: दिल्ली की सीमाएं सील, जरूरी सेवाओं के लिए मिलेगा 'कर्फ्यू पास'