चार्जिंग के दौरान नोकिया फोन पर बात करते समय हुआ धमाका, युवती की मौत
नई दिल्ली। ओडिशा के जरसुगुडा में मोबाइल फोन पर बात करते समय धमाका होने की वजह से 18 वर्षीय लड़की की जान चली गई है। यह घटना उस वक्त हुई जब शुक्रवार दोपहर लड़की फोन पर बात कर रही थी, तभी अचानक फोन में धमाका हुआ और उसकी मौत हो गई। धमाके की वजह से लड़की को उसके सीने, हाथ और पैर पर काफी चोट आई। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार लड़की का नाम उमा ओरम है, वह अपने किसी रिश्तेदार से फोन पर बात कर रही थी। खास बात यह है कि जिस समय वह फोन पर बात कर रही थी उसका फोन चार्जिंग पर था। इसी दौरान फोन में धमाका हुआ और लड़की की मौत हो गई। उसे डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि युवती की मौत हो गई है।
उमा नोकिया 3110 फोन पर अपने रिश्तेदार से बात कर रही थी और फोन चार्जिंग पर लगा हुआ था। उमा के भाई दुर्गा प्रसाद ओरम ने बताया कि फोन की बैटरी में अचानक धमाका हुआ, जिसकी वजह से उमा ओरम को काफी चोट आई, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद पीड़िता के परिवार वाले और स्थानीय लोग नोकिया मोबाइल कंपनी से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने परिवार के सदस्यों का बयान दर्ज कर लिया है। साथ ही उमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications