कंट्रोल में कोरोना: देश में 1132 नए केस, रिकवरी रेट पहुंचा 99 प्रतिशत के पास
विशेषज्ञों ने आशंका जताई थी कि त्योहारी सीजन के चलते देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है, लेकिन अभी हालात कंट्रोल में नजर आ रहे। रविवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों में कोरोना के 1132 केस सामने आए हैं। राहत की बात ये है कि देश में रिकवरी रेट 98.78 प्रतिशत पहुंच गया। अभी तक कुल 4,41,15,240 मरीजों ने इस महामारी को मात दी है। हालात कंट्रोल में होने के बावजूद स्वास्थ्य मंत्रालय लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।

वहीं भारत में शनिवार तक कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 15200 थी, जो अब घटकर 14,839 हो गई है। मंत्रालय के मुताबिक 361 नए मरीजों ने कोरोना को मात दी है। जिस वजह से कुल मामलों का सिर्फ 0.03 प्रतिशत ही एक्टिव केस है। इसके अलावा देश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 5,30,500 हो गया।
दिल्ली के क्या हैं हालात?
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में शनिवार को पॉजिटिविटी रेट 1.37 प्रतिशत था। इसके साथ ही वहां पर 68 नए मरीज सामने आए, जबकि एक शख्स की मौत हुई। ऐसे में दिल्ली में कोरोना की टैली बढ़कर 20,06,511 हो गई है, जिसमें से अब तक 26,512 की मौत हुई है।
चीन में हालात चिंताजनक
वहीं दूसरी ओर पूरी दुनिया में कोरोना वायरस को फैलाने वाले चीन की हालत इन दिनों खराब है। वहां कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में रविवार को 4610 नए मामले सामने आए। दावा किया जा रहा कि ये वहां पर 6 महीने में सबसे ज्यादा केस हैं। चीनी स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 588 मामले कोरोना के लक्षण वाले मिले हैं, जबकि 4022 मरीज ऐसे हैं, जिसमें कोरोना कम या बिल्कुल लक्षण नहीं थे।












Click it and Unblock the Notifications