मुंबई: गिरफ्तार किए गए इंडोनेशिया के 11 जमाती 28 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में
नई दिल्ली। इंडोनेशिया के 11 जमातियों को कल (28 अप्रैल) तक के लिए मुंबई पुलिस की कस्टडी में भेज दिया गया है। सोमवार को डीसीपी जोन- 9, मुंबई ने बताया है कि इंडोनेशिया के 11 तबलीगी जमात सदस्यों को क्वारंटाइन अवधि समाप्त होने के बाद 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभ में 10 क्वारंटाइन में थे और 1 को पॉजिटिव पाया गया था। टेस्ट नेगेटिव आने के बाद गिरफ्तारी की गई। फिलहाल सभी को 28 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में जेल भेज दिया गया है।
बीते महीने दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए कई लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जलसे में विदेशी नागरिकों के शामिल होने की बात सामने आई थी। जिसके बाद अलग-अलग देशों से कई जमातियों को वीजा शर्तों का उल्लंघन और महामारी में लापरवाही के मामलों में गिरफ्तार किया था।
कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या अब 28 हजार के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या सोमवार तक 28,380 हो गई है और 886 लोगों की मौत हुई है। देश में इस समय 21132 एक्टिव केस हैं यानि इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 6362 मरीज अब तक ठीक होकर घर जा चुके हैं।
Recommended Video
दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या 30 लाख के करीब पहुंच गई है, वहीं दो लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दुनियाभर में अब तक 29,93,262 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया जा चुका है। अब तक 2,06,915 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो चुकी है। अमेरिका दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमेरिका में 55,413 मौतें कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं।
ICMR ने राज्यों से वापस मांगी रैपिड टेस्टिंग किट, कहा- ठीक नहीं मिल रहे नतीजें