दिल्ली: बुराड़ी के एक घर में लटके मिले 11 लोगों के शव, मची सनसनी
नई दिल्ली। देश की राजधानी में सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक ही घर में 11 लोगों का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। यह सनसनीखेज वारदात दिल्ली के बुराड़ी इलाके की है, जहां घर के भीतर 11 लोगों का शव मिला है। मरने वालो में 7 महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना के बारे में ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस ने बताया कि 7 महिलाओं और 4 पुरुषों का शव एक साथ पाया गया है, जिसमे 3 किशोर भी शामिल हैं। हम मामले की जांच कर रही है और हर संभावित एंगल से घटना की तफ्तीश कर रहे हैं, हम किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं।

11 लोगों का शव एक साथ मिला
जानकारी के मुताबिक दो परिवार के कुल 11 लोगों ने एक साथ फांसी लगा ली है। यह घर संत नगर के गुरुगोविंद सिंह अस्पताल के सामने गली नंबर 2 का है। गौर करने वाली बात यह है कि सभी शव के हाथ बंधे हैं तो किसी के पैर बंधे हैं, जबकि किसी के मुंह पर पट्टी बंधी मिली है। मौके पर पहुंची पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इन लोगों की मौत कैसे हुई है। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह सामूहिक हत्या है या फिर आत्महत्या।

पुलिस कर रही है जांच
जिस जगह पर यह घटना हुई है वहां बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। लोगों को इस बात का यकीन नहीं हो रहा है कि आखिर कैसे एक साथ इतने लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मरने वालों में दो भाइयों का परिवार है, जिसमे 7 महिलाएँ और 4 पुरुष शामिल हैं। एक भाई का प्लाइवुड का कारोबार है तो दूसरे भाई की परचून की दुकान है।

इलाके में दहशत
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घर की जांच कर रही है। पुलिस घर के हर हिस्से की जांच करके यह जानने की कोशिश कर रही है इस घटना के पीछे कोई साजिश है या फिर लोगों ने आत्महत्या की है। जानकारी के अनुसार परिवार के लोग मुख्य रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और दिल्ली में बिजनेस करते थे। रविवार को जब सुबह रोज की तरह सुबह दुकान खुली तो किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि परिवार के 11 लोगों की जान जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications