वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर लोकसभा में आज 10 घंटे होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लोकसभा में 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ पर होने वाली बहस की शुरुआत करेंगे। लोकसभा के बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह राज्यसभा में वंदे मातरम पर चर्चा की शुरूआत करेंगे। इस विशेष मौके पर राष्ट्रीय गीत से जुड़े कई महत्वपूर्ण और अब तक अज्ञात तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
हालांकि, इस चर्चा के दौरान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की भी आशंका है, क्योंकि प्रधानमंत्री पहले ही कांग्रेस पर गीत के कुछ छंदों को हटाने का आरोप लगा चुके हैं।
लोकसभा की कार्यसूची के अनुसार, 'राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर चर्चा' सोमवार के लिए निर्धारित है और इसके लिए 10 घंटे का समय आवंटित किया गया है। बहस की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी करेंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दूसरे वक्ता के तौर पर अपनी बात रखेंगे। विपक्ष की ओर से कांग्रेस के लोकसभा उपनेता गौरव गोगोई और सांसद प्रियंका गांधी सहित कई अन्य सदस्यों के भी इसमें भाग लेने की उम्मीद है।

लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी 'वंदे मातरम्' पर मंगलवार को चर्चा होगी। यहां गृह मंत्री अमित शाह बहस की शुरुआत करेंगे, और स्वास्थ्य मंत्री व राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा दूसरे प्रमुख वक्ता होंगे। दोनों सदनों में होने वाली यह चर्चा 'वंदे मातरम्' के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करेगी, जो भारतीय राष्ट्रवाद का एक सशक्त प्रतीक माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications