Hyderabad airport को मिली बम की धमकी, बेगमपेट एयरपोर्ट पर VIP मूवमेंट रोका गया, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
Hyderabad airport bomb threat: हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एयरपोर्ट प्रशासन को एक संदिग्ध बम की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। इस धमकी के बाद पूरे एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया और तुरंत बम निरोधक दस्ते को तैनात कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
बुधवार, 18 जून को सुबह जैसे ही एयरपोर्ट अधिकारियों को बम की धमकी वाला ईमेल मिला, उन्होंने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दी।

इसके बाद बेगमपेट डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट परिसर को चारों ओर से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया।
यात्रियों में मची हलचल, परिचालन पर असर
ACP बेगमपेट डिवीजन ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में बताया, "बेगमपेट एयरपोर्ट को आज सुबह बम की धमकी वाला मेल प्राप्त हुआ। हमने तुरंत बम निरोधक दस्ते को बुलाकर पूरे एयरपोर्ट और इसके आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है। अन्य जानकारी बाद में साझा की जाएगी।"
हालांकि बेगमपेट एयरपोर्ट वर्तमान में व्यावसायिक उड़ानों के लिए सक्रिय नहीं है, लेकिन वीआईपी मूवमेंट और निजी विमानों की आवाजाही यहां होती रहती है। धमकी के बाद सुरक्षा कारणों से कुछ गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा घेरा तैयार किया।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने की गहन तलाशी
बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वॉड की टीमें पूरे एयरपोर्ट परिसर, टर्मिनल भवन, पार्किंग क्षेत्र और हवाईपट्टी तक की बारीकी से जांच कर रही हैं। मेटल डिटेक्टर्स, मिरर डिटेक्शन उपकरण और अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से हर कोना खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर दी है और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पर नजर रखी जा रही है।
ईमेल की जांच शुरू, साइबर क्राइम सेल को सौंपा गया मामला
पुलिस ने धमकी देने वाले ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर क्राइम सेल को जिम्मेदारी सौंपी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल किस स्थान से भेजा गया और उसका उद्देश्य क्या था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह भी जांच हो रही है कि कहीं यह किसी व्यक्ति या संगठन द्वारा दहशत फैलाने की साजिश तो नहीं।
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हैदराबाद के अन्य प्रमुख और संवेदनशील स्थानों - जैसे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (शमशाबाद), रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मॉल और सरकारी दफ्तरों - पर भी सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में देश के विभिन्न हिस्सों में एयरपोर्ट और सार्वजनिक स्थानों पर बम की धमकी देने वाले फर्जी मेल्स की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या यह धमकी भी उसी तरह की कोई साजिश तो नहीं। इससे पहले दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें बाद में बम नहीं मिला।
स्थिति नियंत्रण में, लेकिन जांच जारी
फिलहाल बेगमपेट एयरपोर्ट पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें अभी भी पूरी गंभीरता से जांच में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने कहा है कि अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक कोई भी जोखिम नहीं लिया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications