हिसार में फास्ट फूड बेचने वाले को पैसे मांगने पर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने पर 5 गिरफ्तार
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में एक फास्ट फूड बेचने को कुछ युवकों ने बेरहमी से पीटा। जिसका वीडियो वायरल हो गया। जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी थाना प्रभारी वीरेंद्र ने दी। वीरेंद्र ने बताया कि, हिसार में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें 5-6 युवक एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। हमने मामले की जांच-पड़ताल शुरू की थी।
थाना प्रभारी ने आगे बताया, "हमें पता चला कि पीड़ित की अपनी फास्ट फूड की दुकान है। आरोपियों ने उसे खाने का ऑर्डर दिया था। पीड़ित खाना देने के लिए आरोपियों के पास गया। पीड़ित ने जब आरोपियों से पैसे मांगे तो आरोपी नाराज हो गए और उन्होंने उसे पीटा। पीड़ित के हाथ-पैर पकड़कर उसे बेल्ट मारीं।" उन्होंने कहा कि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर मौके से 5 आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है।"
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि, अभी एक आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि, आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं, वायरल हुए वीडियो को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।