कुल्लूः घर के बाहर खेल रहे मासूम को लेकर भाग रहा था तेंदुआ फिर...
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में आए दिन तेंदुए का आतंक देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों के मन में तेंदुए को लेकर खौफ बना हुआ है। ताजा मामले में एक बच्चा तेंदुए का शिकार होने से बच गया। दरअसल, मंगलवार शाम को करीब आठ बजे च्वाई के नजदीक बुआंदा में एक छह साल के बच्चे को तेंदुए ने उठा लिया।

चिल्लाने पर बच्चा तेंदुए के जबड़े से छूट गया और उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि तेंदुए के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तुरंत आनी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसका इलाज जारी है। बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बच्चे की मां पशुओं को घास डालने गोशाला गई थीं। इस दौरान बेटा गोशाला के दरवाजे के पास खेल रहा था। उसी समय घात लगाकर बैठे तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया। इस दौरान बच्चे और उसकी मां ने शोर मचाया तो बच्चा तेंदुए के जबड़े से छूट गया और उसकी जान बच गई। बता दें कि बीते कुछ माह पहले भी च्वाई थाना क्षेत्र में ही तेंदुए ने एक तीन साल की बच्ची को उठाया लिया था।
जंगल में बच्ची के शरीर के टुकड़े मिले थे। इसके बाद क्षेत्र के खौफ हैं। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications