Samosa Kand: पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने की 'समोसा' पार्टी, भाजयुमो ने शिमला में निकाला 'समोसा' मार्च
Samosa Kand Himachal: इन दिनों हिमाचल प्रदेश की राजनीति में 'समोसा' चर्चा का केंद्र बना हुआ है। अब 'समोसा' विवाद के बीच, हिमाचल के पूर्व सीएम और भाजपा नेता जयराम ठाकुर की भी एंट्री हो गई है। दरअसल, जयराम ठाकुर ने मंडी के सर्किट हाउस में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ एक समोसा पार्टी की, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
इस समोसा पार्टी को राज्य सरकार पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है। क्योंकि, यह समोसा पार्टी..सीएम सुक्खू के बजाय उनके सुरक्षा कर्मचारियों को 'समोसे' दिए जाने के मामले में कथित सीआईडी जांच के बीच हुई है। तो वहीं, दूसरी तरफ भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सीएम सुक्खू के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

साथ ही, शिमला में 'समोसा' मार्च का आयोजन किया। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कहा कि पूरे देश भर में हिमाचल का मजाक बन चुका है। राज्य पर अनेक प्रकार के चुटकुले लिखे जा रहे हैं। बार-बार हिमाचल का मजाक न बनाया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि कभी टॉयलेट टैक्स लगाने की बात होती है और अब समोसे पर नई यात्रा शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश के लोग भोले-भाले जरूर हैं लेकिन बेवकूफ नहीं हैं। सरकार को अपने रथ को विकास की दिशा में मोड़ना चाहिए।
क्या है समोसा कांड का पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 21 अक्टूबर को हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू सीआईडी मुख्यालय पहुंचे थे। यहां पर उनके लिए तीन बॉक्सेज में समोसे और केक मंगवाए गए थे। लेकिन, यह फूड आइटम्स सीएम के पास पहुंचने के बजाय उनके सुरक्षाकर्मियों में बांट दिए गए थे। इसके बाद इस पूरे मामले पर सीआईडी जांच बैठ गई थी।
हालांकि, अधिकारियों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि कोई आधिकारिक जांच नहीं की गई है और यह एक "आंतरिक मामला" है जिसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश सीआईडी के महानिदेशक संजीव रंजन ओझा ने कहा कि यह एक साधारण मामला था कि कुछ अधिकारी चाय पीने के लिए एकत्र हुए और यह सोच रहे थे कि कार्यक्रम के लिए मंगाए गए नाश्ते के डिब्बे कहां हैं।
सीएम सुक्खू ने क्या कहा था?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम सुक्खू ने समोस विवाद पर कहा कि जांच समोसे के बारे में नहीं थी, बल्कि अधिकारियों के "दुर्व्यवहार" का पता लगाने के लिए थी। उन्होंने इस मुद्दे पर भाजपा द्वारा उन पर किए गए हमले को "बचकाना" करार दिया और आरोप लगाया कि बीजेपी पिछले विधानसभा चुनावों में 40 सीटें जीतने के बाद से राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बदनामी का अभियान चला रही है।












Click it and Unblock the Notifications