'शेर आया, शेर आया...', PM मोदी ने IIIT ऊना को राष्ट्र को किया समर्पित, लोगों ने कुछ यूं किया स्वागत, VIDEO
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIIT ऊना को राष्ट्र को समर्पित किया और बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखी। इस दौरान ऊना में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए लोगों ने नारे लगाए। 'देखो देखो कौन आया- शेर आया, शेर आया...', के नारों के साथ हिमाचल प्रदेश के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि आगमन पर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि धनतेरस और दिवाली से पहले हिमाचल को हजारों करोड़ रुपए का उपहार देते हुए मुझे खुशी हो रही है। मैंने यहां इतना समय बिताया है कि जब भी ऊना आता हूं पिछली यादें सामने आ जाती हैं। मुझे कई बार मां चिंतपूर्णी देवी के सामने माथा टेकने और आर्शीवाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है।
Recommended Video

पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल में पहले जो सरकारें रही और दिल्ली में भी जो लोग बैठे थे, वो आप लोगों की जरूरतों को पूरा करने में उदासीन रहे। आपकी आशा और आकांक्षाओं को वो कभी समझ ही नहीं पाए। मुझे याद है, हिमाचल का हाल क्या था। कहीं विकास का नाम नजर नहीं आता था, चारों तरफ विश्वास की खाई, निराशा के पहाड़ और गड्ढे ही गड्ढे थे। उन्होंने इन गड्ढों को भरने का सोचा ही नहीं। हमने उन गड्ढों को तो भरा और अब मजबूती से नई इमारतें बना रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज हिमाचल में एक तरफ ड्रोन से जरूरी सामान को दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचाने का काम हो रहा है तो दूसरी तरफ वंदे भारत जैसी ट्रेनों से दिल्ली तक तेज गति से पहुंचने का रास्ता बनाया जा रहा है। हिमाचल में दोगुनी गति से ग्रामीण सड़कें बनाई जा रही हैं। तेजी से ग्राम पंचायतों तक कनेक्टिविटी भी पहुंचाई जा रही है। हजारों शौचालय बनाए जा रहे हैं और गांव-गांव में बिजली व्यवस्था सुधारी जा रही है। पीएम ने आगे कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक यहां सरकार चलाई उन्हें हिमाचल के लोगों की तकलीफ से मानों कोई फर्क ही नहीं पड़ता। आज का नया भारत पुरानी सारी चुनौतियों पर तेजी से काम कर रहा है। जो सुविधाएं पिछली शताब्दी में ही लोगों तक पहुंच जानी चाहिए थीं वो अब लोगों तक पहुंच रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications