Himachal Pradesh Floods: भारी बारिश से हिमाचल प्रदेश को कितने करोड़ का नुकसान? राजस्व मंत्री नेगी का इंटरव्यू
Himachal Pradesh Floods: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में हुई मूसलधार वर्षा के चलते करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
मंत्री नेगी ने यह भी कहा कि "भारी बारिश से सड़कों की कनेक्टिविटी, बिजली आपूर्ति और पानी की लाइनें बाधित हुई हैं। हमारी टीमें सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने में जुटी हैं। राहत की बात यह है कि अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं, हालांकि कई छोटे पुल बह गए हैं।"

मानसून ने हिमाचल प्रदेश में 20 जून 2025 को दस्तक दी थी और तभी से हादसों का सिलसिला जारी है। पिछले सात दिनों में विभिन्न दुर्घटनाओं में 15 लोगों की जान जा चुकी है। धर्मशाला के खनियारा क्षेत्र की मनूनी खड्ड में आई बाढ़ में छह मजदूरों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को वहां से एक और शव बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त नितिन कुमार (निवासी नंगल पंचायत, फतेहपुर) के रूप में हुई। नितिन के पिता संजय कुमार का अंतिम संस्कार भी शुक्रवार को ही हुआ।
इसके अलावा कांगड़ा जिले की खड्डों में डूबने से दो लोगों की, शाहपुर के ढडम्ब में बिजली गिरने से एक की, मंडी, शिमला और चंबा में भूस्खलन या गिरने से तीन की तथा बिलासपुर में सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। ऊना जिले में भी दो लोग डूब कर जान गंवा चुके हैं।
तीन लोग अब भी लापता
मनूनी खड्ड में हादसे के बाद दो लोग अभी भी लापता हैं। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। उधर कुल्लू के सैंज बिहाली क्षेत्र में बादल फटने के बाद आई बाढ़ में बहे तीन लोगों का तीसरे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया है।
मकान-दुकानों को भी भारी नुकसान
रिपोर्ट के अनुसार एक सप्ताह में 14 मकान और 7 दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। सड़कें और पुल बहने से कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्क रहें। राहत व बचाव दल 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं।
आगामी दिनों में और खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा हो सकती है। 29 जून से 1 जुलाई तक भी अधिकांश जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। विशेषकर चंबा, कुल्लू, शिमला और मंडी में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications