Himachal Assembly Elections 2022: आप ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट, सभी 68 सीटों के नाम फाइनल
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों का ऐलान हो गया है। जिसके बाद से राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर रही हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने आज तीसरी लिस्ट भी जारी कर दी है। तीसरी लिस्ट जारी करते ही आप ने सभी 68 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। तीसरी लिस्ट में 10 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने बुधवार देर शाम को प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। दूसरी लिस्ट में 54 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया था। वहीं, पहली लिस्ट में सिर्फ 4 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई थी।

यहां देखें तीसरी लिस्ट के उम्मीदवार और विधानसभा सीट
तीसरी लिस्ट के मुताबिक भटियात से नरेश कुमार, बैजनाथ से प्रमोद चंद, दरंग से सुनीता ठाकुर, सरकाघाट से धमेश्वर राव, चिंतपूर्णी से राम पॉल, गगरेट से मनोहर डढवाल, पच्छाद से अंकुश चौहान, चौपाल से उदय सिंग्टा, ठियोग से अतर सिंह और कसुम्पटी से डॉ. राजेश चन्ना को टिकट दिया गया है।
12 नवंबर को होगी वोटिंग
हिमाचल प्रदेश के सभी 68 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग 12 नवंबर को होगी। जबकि रिजल्ट 8 नवंबर को घोषित किया जाएगा। वहीं, उम्मीदवार 25 अक्टूबर तक नामांकन कर सकेंगे। जबकि फॉर्मों की स्क्रूटनी 27 अक्टूबर को होगी। इसके अलावा उम्मीदवार नॉमिनेशन 29 अक्टूबर तक ले सकेंगे। बता दें कि प्रदेश में विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो जाएगा।
55 लाख वोटर चुनेंगे सरकार
चुनाव आयोग की तरफ से दी जानकारी की मानें तो इस बार प्रदेश में 55 लाख वोटर वोट डालेंगे। इनमें 27 लाख 80 हजार पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिलाएं हैं। प्रदेश में 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। वहीं, 1184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है।
ये भी पढ़ें- Uttarakhand Pushkar singh dhami ने प्रदेश के सवा लाख से ज्यादा राज्य कर्मचारियों को दिया बोनस का दीवाली तोहफा












Click it and Unblock the Notifications