भारी बारिश और बाढ़ ने मचाई हिमाचल में तबाही, लैंडस्लाइड-फ्लैश फ्लड ने बढ़ाई मुश्किलें, जनजीवन ठप
Heavy Rains in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में आसमान से बरस रही आफत ने हालात बेकाबू कर दिए हैं। तेज बारिश से नदियां उफान पर हैं, पहाड़ खिसक रहे हैं और जगह-जगह तबाही के दृश्य नजर आ रहे हैं। कई जिलों में सड़कें टूट गईं, पुल बह गए, दुकानें और इमारतें जमींदोज हो गईं, जबकि हजारों लोग बिजली-पानी की दिक्कतों से जूझ रहे हैं। मनाली से लेकर चंबा तक बारिश ने ऐसा कहर बरपाया है कि सामान्य जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र के मुताबिक, सोमवार शाम से अब तक 12 फ्लैश फ्लड, दो बड़े भूस्खलन और एक क्लाउडबर्स्ट की घटनाएं दर्ज की गईं। सबसे ज्यादा नुकसान लाहौल-स्पीति में हुआ, जहां नौ बार फ्लैश फ्लड आए। कुल्लू में दो और कांगड़ा में एक फ्लैश फ्लड दर्ज हुआ, जबकि चंबा जिले में क्लाउडबर्स्ट हुआ।

690 सड़कें बंद, बिजली-पानी ठप
मौजूदा हालात में राज्य की करीब 690 सड़कें बंद हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 343 सड़कें मंडी जिले में और 132 सड़कें कुल्लू जिले में प्रभावित हैं। इसके अलावा, 1,400 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर बंद हो गए हैं और 420 से ज्यादा पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं।
ये भी पढ़ें: देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ का कहर जारी, राजस्थान-UP सहित कई राज्यों में स्कूल बंद, देखें लिस्ट
कुल्लू-मनाली में तबाही, होटल और दुकानें बहीं
कुल्लू जिले के मनाली में ब्यास नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ने के बाद कई इमारतें और दुकानें पानी में बह गईं। एक बहुमंजिला होटल और चार दुकानें पूरी तरह तबाह हो गईं। मनाली के मशहूर 'शेर-ए-पंजाब' रेस्तरां समेत करीब दो दर्जन दुकानें और होटल भी नदी में समा गए। इस हादसे के बाद केवल शेर-ए-पंजाब का बाहरी हिस्सा ही खड़ा रह गया।
पुल बहने से कटा संपर्क
कुल्लू के डिप्टी कमिश्नर तोरल एस. रवीश ने बताया कि कुल्लू और मनाली में बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। कम से कम दो पुल, जिनमें पैटलीकुहल का बेली ब्रिज भी शामिल है, पानी में बह गए हैं। ये पुल कई छोटे गांवों को मुख्य सड़कों और एनएच-305 से जोड़ने का काम करते थे।
रेड अलर्ट और खतरे का संकेत
मौसम विभाग ने कांगड़ा, चंबा और मंडी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में शुक्रवार को और कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
रिकॉर्ड बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शिमला और मनाली में सोमवार रात 102 मिमी बारिश हुई, जबकि बिलासपुर के नैना देवी में 160.8 मिमी और चंबा के भटियात में 125.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को भी मनाली में 10 सेंटीमीटर बारिश हुई, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं।
खतरनाक स्तर पर बह रही ब्यास
ब्यास नदी और उसकी सहायक नदियां अभी भी खतरनाक स्तर पर बह रही हैं। कई जगहों पर भूस्खलन से कुल्लू-मनाली हाईवे बंद है, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं।
ये भी पढ़ें: Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में 300 से ज्यादा सड़कें ठप, सैंज घाटी में लैंडस्लाइड से मचा हड़कंप












Click it and Unblock the Notifications