पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम को ब्रेन स्ट्रोक, अस्पताल में भर्ती
शिमला, 6 मई। पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री पंडित सुखराम को तबीयत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को मंडी के जोनल अस्पताल में लाया गया है। जहां उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। परिवार की ओर से बताया गया है कि कांग्रेस नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री की ब्रेन स्ट्रोक होने की वजह से तबीयत बिगड़ी है। हालत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वह 95 साल के हैं। मंडी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि अभी तक उनकी हालत स्थिर है। व डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक सदर विधायक व पंडित सुख राम के बेटे अनिल शर्मा और पोता आश्रय शर्मा सहित परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं। विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि कल सुबह उन्हें उपचार के लिए दिल्ली अपोलो अस्पताल लिफ्ट किया जाएगा। पंडित सुखराम को एयर लिफ्ट करने के लिए परिवार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया है।
पंडित सुखराम 1991 में नरसिम्हा राव सरकार में संचार मंत्री बने थे, लेकिन 1996 में संचार घोटाले में नाम आने की वजह से इस्तीफा देना पड़ा। इससे पहले 1985 से 1989 के बीच स्वर्गीय राजीव गांधी की सरकार में भी पंडित सुखराम फूड एंड सिविल सप्लाई मिनिस्टर रहे।
1998 का हिमाचल विधानसभा का चुनाव पंडित सुखराम ने कांग्रेस से अलग होकर हिमाचल विकास कांग्रेस पार्टी बनाकर लड़ा। इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस किसी को बहुमत नहीं मिला, जबकि सुखराम की पार्टी फरवरी में हुए चुनाव में 4 सीटें जीती। पंडित सुखराम ने अपने विधायकों के दल बदलने के खतरे से बचने के लिए 3 विधायकों को भाजपा जॉइन कराकर भाजपा को समर्थन दिया। इस समर्थन से भाजपा की सरकार बनी। बाद में जून में लाहौल स्पीति की सीट पर जब चुनाव हुए तो हिमाचल विकास कांग्रेस ने ये सीट भी जीती। तब इस सीट से जीते रामलाल मार्कंडेय आज भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।












Click it and Unblock the Notifications