हिमाचल: स्कूल के पास कुएं से बम हुआ बरामद, ब्लास्ट मामले में दो की गिरफ्तारी के बाद खुलासा
शिमला, 23 अप्रैल। पंजाब की सीमा के साथ लगते हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई, जब यहां एक कुएं से बम बरामद हुआ। मामला ऊना के पास सिंघा गांव के प्राइमरी स्कूल से सटे इलाके का है। यहां स्कूल के पास एक कुएं से डिफ्यूज टिफिन बम पंजाब पुलिस ने बरामद किया। इलाके में जैसे ही लोगों तक यह खबर पहुंची, दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस की एक टीम ने यहां एक सूचना के आधार पर दबिश दी और दो युवकों को गिरफ्तार किया। युवकों की निशानदेही पर यह बम बरामद किया जो कि डिफ्यूज है।

दरअसल होशियारपुर पुलिस ने पंजाब में हुए दो अलग अलग बम ब्लास्ट मामलों में कुलदीप कुमार उर्फ सन्नी निवासी नीमा वाला चौक गली नंबर एक हाउस नंबर 14182 लुधियाना व अमन दीप निवासी सिंघा तहसील हरोली जिला ऊना को मणिकर्ण में एक कार में, लुधियाना में व एक सीए आफिस नवांशहर में ब्लास्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जब इन दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर गांव सिंघा के प्राइमरी स्कूल के पास एक कुएं से टिफिन बम बरामद किया है जो कि फिलहाल डिफ्यूज अवस्था में है। मौके पर पहुंची पंजाब पुलिस और हिमाचल पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की है। कुएं में पुलिस की ओर से तलाशी अभियान जारी है। बम के अलावा अन्य कोई हथियार तो नहीं है।
इस विषय पर फिलहाल पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है और मामले की जांच चल रही है। एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया फिलहाल अभी जांच हो रही है। जांच के बाद ही इस विषय पर जानकारी साझा की जाएगी। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। एसपी ऊना अर्जित सेन व बनगढ़ बटालियन के कमांडेंट विमुक्त रंजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। मामले में कुछ और लोगों के भी शामिल होने की आशंका है।












Click it and Unblock the Notifications