धर्मशाला में अचानक आई बाढ़ से तबाही: मणूणी नदी में बहे मजदूर, अब तक 5 शव बरामद, 3 लापता
Dharamshala Flash Flood: धर्मशाला के पास बुधवार शाम मणूणी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। इस घटना में अब तक 5 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं। एक व्यक्ति को जीवित बचा लिया गया है।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) शिल्पी बेअक्ता ने बताया, "कल शाम लगभग 4:30 बजे एक वीडियो वायरल हुआ और सूचना मिली कि मणूणी नदी में एक शव दिखाई दिया है। हमारी टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और तलाश शुरू की। बाद में एक और शव भी अपस्ट्रीम में मिला। इस प्रकार कुल दो शव शुरुआत में मिले।"

उन्होंने आगे बताया कि नदी के पास एक हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट भी है, जहां पर घटना के समय 15-20 मजदूर मौजूद थे। बाढ़ की चपेट में आने की आशंका के चलते तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। "SDRF और NDRF की संयुक्त टीमें मौके पर जुटी हैं और करीब 50 से ज्यादा कर्मी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हैं। अब तक कुल 5 शव बरामद हो चुके हैं।"
ADM के अनुसार, "अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, एक को जीवित रेस्क्यू कर लिया गया है, और 3 अभी भी लापता हैं।"
धर्मशाला में बारिश का ताजा अपडेट
धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में बीते 24 घंटों में तेज बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार दोपहर से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियों और नालों में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कांगड़ा, चंबा और मंडी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। स्थानीय प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications