शादीशुदा बेटी का दर्दनाक अंत, भाखड़ा नहर में मिली सड़ी-गली लाश
शिमला। हिमाचल प्रदेश की एक विवाहिता की लाश पंजाब के भाखड़ा नहर में मिलने से मृतका के परिजनों में मातम के साथ गुस्से का महौल है। मृतका के परिजन अपनी बेटी की तलाश में पिछले कई दिनों से जी जान से जुटे थे। आखिर मौत की खबर उन्हें मिली तो यह बात किसी के गले नहीं उतर रही कि नहर में आखिर उनकी बेटी पहुंची कैसे? कांगड़ा में इस मौत को लेकर लोगों में खासा गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच के लिये कांगड़ा में रोष मार्च भी निकाला। कोई यह मानने को तैयार नहीं है कि मृतका ने आत्महत्या की होगी। लोग पहली नजर में पति को ही दोषी मान रहे हैं।

परिजनों का आरोप, बेटी को पति ने मारा?
दरअसल दिल दहला देने वाली इस वारदात में विवाहिता की लाश पंजाब के समाना में दस दिनों बाद सड़ी-गली अवस्था में भाखड़ा नहर में मिली। उसकी शादी चंडीगढ़ में हुई थी लेकिन मृतका के मोबाइल फोन की लोकेशन आनंदपुर साहिब थी। यही वजह है कि मृतका के परिजनों को उसके ससुराली व पति पर शक है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।
कांगड़ा में कारोबार करने वाले सुरेन्दर कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नीतिका की शादी 7 वर्ष पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-45 निवासी हेमंत शर्मा से की थी। शादी के बाद से ही नीतिका का पति हेमंत शर्मा उससे मारपीट करता था। इसके बाद वह कई बार चंडीगढ़ नीतिका के पति से मारपीट करने संबंधी बातचीत करने आए थे। लेकिन हर बार हेमंत शर्मा आगामी समय में इस तरह की घटना नहीं होने का भरोसा देता था। उन्होंने 17 फरवरी को नीतिका से बात की थी लेकिन अगले ही दिन उसके दामाद हेमंत शर्मा का फोन आया कि नीतिका सुबह अपने काम पर गई थी लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंची।

पिता ने बताई, बेटी की शादीशुदा जिंदगी की दर्दनाक कहानी
सुरेंदर ने बताया कि हेमंत शर्मा का फोन आने के बाद वह कुछ लोगों को साथ लेकर चंडीगढ़ पहुंचा। हेमंत शर्मा ने बताया कि उसका और नीतिका के बीच कोई झगड़ा नहीं हुआ था। उसने यह भी बताया कि नीतिका के फोन की आखिरी लोकेशन आनंदपुर के आसपास पाई गई थी। इसके बाद वह अपने दामाद और अन्य लोगों को साथ लेकर आनंदपुर साहिब भी गया, परंतु उसकी लड़की का कहीं पता नहीं चल सका था। इसके बाद वह आनंदपुर साहिब से चंडीगढ़ लौट आए और इसकी सूचना चंडीगढ़ पुलिस को दी। इसी के साथ उन्होंने अपने स्तर पर नीतिका की तलाश जारी रखी और नहरों के आसपास दिखाई देने वाले गोताखोरों को नीतिका की पहचान के लिए उसका चित्र भी दिया। उन्होंने बताया कि समाना के किसी व्यक्ति का फोन उसके पास आया कि एक महिला का शव भाखड़ा नहर में पड़ा है। इस सूचना के बाद वह कुछ लोगों को साथ लेकर समाना पहुंचा और नहर से मिले शव की पहचान करने का प्रयास किया लेकिन शव बुरी तरह से गला सड़ा था। इसके चलते शव की पहचान करना मुश्किल भरा काम था।

पंजाब पुलिस बता रही खुदकुशी
पिता ने पुलिस को अपनी बेटी की पहचान कराने के लिए बताया कि एक हादसे के दौरान नीतिका की टांग और मुंह में लोहे की प्लेट डाली गई थी। इसके बाद शव का एक्सरे कराने पर शव की दाहिनी टांग में लोहे की प्लेट नजर आने से उन्होंने शव की पहचान नीतिका के तौर पर की। समाना पुलिस से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला चंडीगढ़ पुलिस का बनता है। इसके चलते इसकी सूचना चंडीगढ़ पुलिस को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई चंडीगढ़ पुलिस के आने के बाद की जाएगी। मृतका के पिता सुरेन्दर कुमार ने कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है लेकिन पंजाब पुलिस मामले को आत्महत्या का रूप दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications