हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से कई जगहों पर आई बाढ़, 2 लोगों की मौत, 20 के बहने की आशंका
Himachal Floods: हिमाचल प्रदेश में बुधवार को बादल फटने के बाद भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और लगभग 20 लोगों के बह जाने की आशंका है। कांगड़ा जिले में मनुनी खड्ड से दो शव बरामद किए गए, जबकि इंदिरा प्रियदर्शिनी जलविद्युत परियोजना स्थल के पास स्थित एक श्रमिक कॉलोनी में ठहरे हुए लगभग 15-20 मजदूरों के खानियारा मनुनी खड्ड में जल स्तर बढ़ने के बाद बह जाने की आशंका है।
अधिकारियों के अनुसार, बारिश के कारण प्राेजेक्ट का काम फिलहाल के लिए निलंबित कर दिया गया था, और मजदूर साइट के पास अस्थायी आश्रयों में आराम कर रहे थे, तभी मनुनी खड्ड और आसपास के नालों से बाढ़ का पानी श्रमिक कॉलोनी की ओर मुड़ गया, जिससे मजदूर बह गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), स्थानीय प्रशासन, ग्राम पंचायत और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर तलाशी और बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना से जुड़े कुछ स्थानीय मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

भाजपा ने 20 मजदूरों के बह जाने की जताई आशंका
धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस घटना में लगभग 20 मजदूर बह गए। चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति के बीच बचाव अभियान जारी रहने के कारण अधिक जानकारी का इंतजार है।
कुल्लू में बादल फटने से तबाही
इस बीच, अधिकारियों ने कहा कि कुल्लू जिले के कई हिस्सों में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई घर, एक स्कूल भवन, दुकानें, संपर्क मार्ग और छोटे पुल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे तीन लोग लापता हो गए। कुल्लू जिले के सैंज में जीवा नाला और रेहला बिहाल और गाड़सा क्षेत्र में शिलगढ़ में बादल फटने की तीन घटनाएं दर्ज की गईं। अधिकारियों ने बताया कि रेहला बिहाल में तीन लोग अपने घरों से अपना कीमती सामान निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे बाढ़ में बह गए और लापता हैं।
मनाली और बंजार में बाढ़
कुल्लू के एडीसी अश्विनी कुमार ने कहा कि जिले के मनाली और बंजार में भी अचानक बाढ़ की सूचना मिली थी और तलाशी अभियान जारी है। मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग मनाली के पास आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया क्योंकि ब्यास नदी के किनारे राजमार्ग का एक हिस्सा कट गया। हालांकि, वाहनों की आवाजाही अभी भी जारी है। कुल्लू में कई स्थानों पर भारी बाढ़ के वीडियो में नुकसान की सीमा दिखाई देती है। एक वीडियो में एक वाहन को गंदे पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है।
स्थानीय निवासियों से कीगई ये अपील
एनडीटीवी रिपोर्ट केअनुसार बंजार उपखंड में, होर्नागाड क्षेत्र में बाढ़ के कारण एक पुल बह गया, जबकि एक सरकारी स्कूल के परिसर में पानी घुस गया, इसके अलावा एक कृषि भूमि और एक गौशाला भी क्षतिग्रस्त हो गई। बंजार के विधायक सुरिंदर शौरी ने कहा, "सुबह से भारी बारिश हो रही है। मुझे कई फोन आए जिसमें कहा गया कि बारिश के कारण सैंज, तीर्थन और गाड़सा में भारी नुकसान हुआ है। मैं लोगों से नदियों और नालों से दूर रहने की अपील करूंगा। मैंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करने को कहा है क्योंकि लोग परेशानी में हैं।"
ब्यास और सतलुज नदियों का बढ़ गया है जल स्तर
ब्यास और सतलुज नदियों में जल स्तर भी बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति में पुलिस ने कहा कि भूस्खलन, गिरते मलबे और बहते नालों के कारण काजा से समदोह तक सड़क कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications