Bilaspur Landslide: भूस्खलन में मारे गए 15 यात्रियों की मौत पर PM ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान
Bilaspur Landslide: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के झूडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं में मंगलवार की रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। इस क्षेत्र के भल्लू पुल के पास अचानक पहाड़ी से लैंडस्टाइल हुआ और भारी मात्रा में मलबा और चट्टानों का मलबा गिरा, जिसकी चपेट में एक यात्री बस आ गई जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक बस पर मलबा गिरने से हुए हादसे में जान गंवाने वालों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ उनकी पूरी संवेदना है। इसके साथ ही इस घटना में घायल हुए लोगों की शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना प्रधानमंत्री ने की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मंगलवार (7 अक्टूबर, 2025) शाम को इस दुर्घटना पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इसमें पीएम मोदी ने लिखा, "हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए हादसे में हुई जनहानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
मृतकों के परिजनों 2 लाख रुपये, घायलों को 50 हजार रुपये
पीएम मोदी ने आगे घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से ₹2-2 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को ₹50,000 मिलेंगे। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी जताया दुख
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, "बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
अमित शाह ने भी शोक व्यक्त किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस त्रासदी पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है। NDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में लगी हैं।"
शाह ने आगे कहा, "इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की।












Click it and Unblock the Notifications