हाथरस केस: पीड़िता के तीन भाइयों से आज पूछताछ करेगी CBI, समन किया जारी
हाथरस। चर्चित हाथरस कांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने शुरू कर दी है। तो वहीं, सीबीआई ने 14 अक्टूबर (बुधवार) को पीड़िता के तीन भाई को पूछताछ के लिए समन जारी किया। साथ ही तीनों को हाथरस गेट थाना क्षेत्र में कृषि निदेशक कार्यालय स्थित अपने अस्थायी कैम्प कार्यालय पर पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले, 13 अक्टूबर (मंगलवार) को सीबीआई की टीम फॉरेंसिक विभाग की टीम के साथ हाथरस पहुंची और पीड़िता के अंतिम संस्कार वाली जगह की बारीकी से कई घंटों तक छानबीन की। इतना ही नहीं, सीबीआई ने पीड़िता के परिवार से पूछताछ की और वापस जाते समय सीबीआई पूछताछ के लिए अपने साथ पीड़िता के बड़े भाई को ले गई। हालांकि उसे पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था।

Recommended Video
हाथरस पहुंची थी सीबीआई की टीम
हाथरस जिले के थाना कोतवाली चंदपा क्षेत्र में बीते 14 सितंबर की सुबह हुई दरिंदगी मामले में सीबीआई की टीम जांच करने के लिए 13 अक्टूबर की सुबह 11 बजे करीब हाथरस पंहुची। यहां सबसे पहले सीबीआई ने थाना चंदपा पंहुचकर स्थानीय पुलिस से जानकारी की। इसके बाद सीबीआई की टीम सुबह 11:30 मिनट पर घटनास्थल पर पंहुच गई। यहां सीबीआई ने तकरीबन 3 घंटों तक फोरेंसिक टीम के साथ जांच की।
जांच के बाद पीड़िता के भाई को साथ ले गई CBI
इस बीच सीबीआई ने पूछताछ के लिए पीड़िता की मां और बड़े भाई को भी बुलाया और घटना के बारे में दोनों से पूछा। इसके बाद दोपहर 2:25 मिनट पर सीबीआई की टीम फोरेंसिक टीम को साथ लेकर उस जगह पंहुची, जहां पीड़िता का अंतिम संस्कार किया गया था। करीब 20 मिनट रुकने के बाद सीबीआई की टीम 2:45 मिनट पर पीड़िता के घर पंहुची। सीबीआई ने घर पंहुचने के बाद परिवार के हर एक सदस्य से एक एक कर पूछताछ की। पहले दिन की जांच ख़त्म होने पर सीबीआई की टीम पीड़िता के परिवार से उसके बड़े भाई को पूछताछ के लिए हाथरस गेट थाना क्षेत्र में कृषि निदेशक कार्यालय स्थित अपने अस्थायी कैम्प कार्यालय ले गई और वहां उससे कई घंटे तक पूछताछ की। बाद में उसे घर पर छोड़ दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications