हाथरस: एक ही परिवार के 10 लोग हुए कोरोना पॉजिटिव, 9 से बढ़कर 19 हुई मरीजों की संख्या
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सोमवार को एक ही परिवार के 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। परिवार के बुजुर्ग नोएडा से इलाज कराकर वापस लौटे थे, जिसके बाद उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने इनके परिवार के 27 लोगों को क्वारंटाइन किया था। अब 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इसमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 19 हो गई है, इनमें 15 सक्रिय मामले हैं। बता दें, हाथरस में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
नोएडा से इलाज कर वापस लौटे थे बुजुर्ग
करीब एक सप्ताह पहले ज्ञानेंद्र अग्रवाल नाम के बुजुर्ग नोएडा के जेपी हॉस्पिटल से इलाज करवाकर लौटे थे। वापस लौटे तो उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। दो दिन बाद उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई, जिसके बाद उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया और उनके परिवार के 27 लोगों को क्वारंटाइन कर दिया। इन लोगों का कोरोना सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। जिसके बाद परिवार के 10 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। एक साथ 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब हाथरस जिले में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 9 से बढ़कर 19 हो गई है। इन मरीजों में चार लोग तबलीगी जमात से जुड़े थे, जिन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। फिलहाल जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 15 है। फिलहाल सभी 10 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।
क्या कहते हैं चिकित्सा अधिकारी?
हाथरस के मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेश राठौर ने बताया कि ज्ञानेंद्र अग्रवाल (कैंसर से पीड़ित) नोएडा से कीमोथेरेपी करा कर आए थे। उनके घर के सभी मेंबर को क्वारंटाइन किया गया था। अब उनके परिवार के 10 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि उनके परिवार द्वारा कहीं न कहीं निश्चित रूप से लापरवाही बरती गई है। नोएडा से आने के बाद ज्ञानेंद्र की जांच कराई गई थी।
यूपी में कोरोना के अब तक 1884 सक्रिय मामले, COVID-19 से लड़ने के लिए 54 हजार बेड तैयार