गुरुग्राम में आधी रात से ब्लैकआउट,बिना बिजली-पानी तड़पने को मजबूर हुए लाखों लोग! आखिर साइबर सिटी में हुआ क्या?

साइबर सिटी गुरुग्राम में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल ने लोगों की रात की नींद और सुबह का चैन छीन लिया है। बुधवार रात से शुरू हुई बिजली कटौती के चलते कई इलाकों में बिजली, पानी और इंटरनेट तक की दिक्कत खड़ी हो गई। कहीं इन्वर्टर जवाब दे गए, तो कहीं घरों में पानी खत्म होने लगा। औद्योगिक इलाकों में मशीनें बंद होने से कारोबार पर भी असर पड़ा है।

हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के हेल्पलाइन नंबर पर 5,500 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं। यह संकट सिर्फ गुरुग्राम तक सीमित नहीं है। फरीदाबाद, नूंह और हरियाणा के कई दूसरे जिलों से भी बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें आई हैं।

Why Is Gurugram Facing Blackout No power no water no Internet Electricity Staff Strike Reason

गुरुग्राम के किन इलाकों में बिजली गुल?

गुरुग्राम में सेक्टर-2 ब्लॉक-बी, अशोक विहार फेज-2 और फेज-3, सेक्टर-4, सेक्टर-5, दयानंद कॉलोनी, भीमगढ़ खेड़ी, पालम विहार, सेक्टर-23, राजेंद्र पार्क, रतन विहार, विष्णु गार्डन और सेक्टर-105 समेत कई इलाकों में बिजली कटौती की शिकायतें सामने आई हैं। गुरुवार रात 10 से 12 बजे के बीच कुछ जगहों पर थोड़ी देर के लिए सप्लाई बहाल हुई, लेकिन इसके बाद फिर बिजली चली गई।

सोहना और फरुखनगर तहसील के कई गांवों और कॉलोनियों में भी आपूर्ति ठप रहने से लोगों की परेशानी बढ़ी। बिजली नहीं होने से पानी की सप्लाई पर असर पड़ा। कई घरों में इन्वर्टर की बैटरी खत्म हो गई और वाई-फाई बंद होने से घर से काम करने वालों को भी दिक्कत हुई।

गुरुग्राम के सेक्टर-7 में रहने वाले आशीष सरदाना ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे उनके घर की बिजली चली गई। सुबह तक इन्वर्टर भी बंद हो चुका था और नल में पानी नहीं था। अमेरिका की एक बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टीम में काम करने वाले आशीष घर से अपना काम नहीं कर सके। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा और सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उनके बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल क्यों?

बिजली संकट के पीछे कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल है। यह हड़ताल 22 से 24 अक्टूबर तक बुलाई गई है। कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए एक निजी कंपनी को समानांतर लाइसेंस दिए जाने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। यह लाइसेंस हरियाणा बिजली नियामक आयोग ने दिया है।

कर्मचारियों के संगठनों ने इस फैसले के खिलाफ काम बंद किया है। गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह ने देर रात कर्मचारियों से बातचीत कर हड़ताल खत्म करने की अपील की, लेकिन बैठक में सहमति नहीं बन सकी। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि हड़ताल शुरू होने के 12 घंटे के भीतर बिजली कटौती की 3,000 से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी थीं। वहीं, गुरुग्राम में रात 12 से सुबह 7 बजे के बीच शिकायतों का आंकड़ा 5,500 के पार पहुंच गया।

पानी से लेकर फैक्ट्रियों तक पर असर, करोड़ों के नुकसान का डर

बिजली कटौती का असर घरों के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ा है। गुरुग्राम के सेक्टर-37 में बुधवार रात 10 बजे से बिजली नहीं होने की शिकायत सामने आई। प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन और उद्योगपति दीपक मैनी ने कहा कि लंबे समय तक सप्लाई बंद रहने से मशीनें और उत्पादन रुक गए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों में काम ठप रहने से कारोबार को भारी नुकसान हो सकता है। तैयार माल की सप्लाई और समय पर डिलीवरी भी प्रभावित हो सकती है। कादीपुर और बसई के औद्योगिक इलाकों में भी बिजली संकट का असर पड़ा है।

रिहायशी इलाकों में कई परिवार जनरेटर और टैंकों में जमा पानी के सहारे काम चला रहे हैं। लेकिन लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था कुछ ही समय तक साथ दे सकती है। स्थानीय निवासी शिव कुमार शर्मा ने सवाल उठाया कि बिजली और पानी जैसी जरूरी सेवाएं बंद होने पर सरकार क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर फैसला लिया जाए या फिर सप्लाई बहाल करने के लिए आपदा प्रबंधन टीम की मदद ली जाए।

फरीदाबाद, नूंह समेत दूसरे जिलों में भी संकट

बिजली कटौती की मार फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, करनाल और अंबाला तक पहुंचने की खबरें हैं। फरीदाबाद के न्यू इंडस्ट्रियल टाउनशिप-2 में बिजली बहाल करने की मांग को लेकर लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। बिजली के साथ पानी की सप्लाई प्रभावित होने से नाराज लोगों ने रास्ता रोक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर प्रदर्शन खत्म कराया।

नूंह जिले के पुन्हाना, नगीना और फिरोजपुर झिरका में भी बिजली संकट से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। इससे साफ है कि हड़ताल का असर केवल शहरों के घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण इलाकों और उद्योगों पर भी पड़ रहा है।

प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, यहां करें शिकायत

बिजली संकट के बीच गुरुग्राम जिला प्रशासन ने लोगों से बिजली कटौती और तकनीकी खराबी की शिकायत हेल्पलाइन पर दर्ज कराने की अपील की है। प्रशासन की ओर से जारी नंबर ये हैं:

  • बिजली शिकायत हेल्पलाइन: 1912 / 1800-180-4334
  • व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: 8813999708 / 9540954768

कर्मचारियों की हड़ताल 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। ऐसे में बिजली आपूर्ति कब तक पूरी तरह सामान्य होगी, यह कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बातचीत तथा सप्लाई बहाल करने के प्रयासों पर निर्भर करेगा। पहले से हड़ताल की जानकारी होने के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था कितनी कारगर रही, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल लोगों की सबसे बड़ी मांग बिजली और पानी की सप्लाई जल्द बहाल करने की है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+