2019 से प्रदेश में 5.22 अरब अमेरिकी डॉलर का हुआ है निवेश: CM मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह बात आज सुरजकुंड में शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान कही।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों को प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें कारोबार करने व निवेश संबंधी सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में उद्योग एवं निवेश के लिए अनुकूल माहौल है, जिसकी बदौलत हरियाणा आज निवेश के लिए प्रमुख गंतव्य बन गया है। वर्ष 2019 के बाद से, प्रदेश में 5.22 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश प्राप्त हुआ है। इसके अलावा, राज्य का निर्यात भी बढक़र 2.17 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह बात आज सुरजकुंड में शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान कही। बैठक में रूस, बेलारूस, तज्जाकिस्तान, कम्बोडिया, साऊदी अरब, मालदीव, चीन, क्रिगीस्तान, उज्जेबेकिस्तान, नेपाल, कजाकिस्तान, आर्मेनिया, म्यांमार, कतर, ईरान, यूएई, बहरीन देशों के प्रतिनिधिमण्डल, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मुख्य प्रधान सचिव डी एस ऐसी, मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल और अन्य महानुभाव भी उपस्थित रहे।
*सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में एससीओ की भागीदारी वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत करने में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका*
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में एससीओ की भागीदारी विभिन्न देशों को वैश्विक पटल पर लाने और उनकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का काम करेगी। सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला वर्ष 1987 से आयोजित किया जा रहा है, जिसने विश्व मानचित्र पर अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है। इस बार इस मेले में शंघाई सहयोग संगठन के विभिन्न देशों की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। हर देश के कलाकार गर्व से अपनी संस्कृति के अनूठे रंगों का प्रदर्शन कर रहे हैं और हस्तशिल्प व अन्य कलाओं के रूप में अपनी सर्वश्रेष्ठ विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा तेजी से विकास करने वाले राज्यों में शुमार है। हरियाणा बिजनेस टू बिजनेस (बी2बी), बिजनेस टू कस्टमर (बी2सी) और सरकार से सरकार (जी2जी) के अलावा हार्ट टू हार्ट (एच2एच) कनेक्शन यानी दिल से दिल के साथ व्यापार करने में विश्वास करता है।
आर्थिक विकास के मानकों पर हरियाणा अग्रणी राज्यों में
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आर्थिक विकास के मानकों पर हरियाणा अग्रणी राज्यों में शामिल है। दुनिया की 400 फॉच्र्यून कंपनियों के कार्यालय राज्य की आर्थिक राजधानी गुरुग्राम में स्थापित हैं। हरियाणा देश का एक प्रमुख सॉफ्टवेयर निर्यातक है। हरियाणा उद्योगों को लॉजिस्टिक सुविधाएं प्रदान करने के मामले में देश में दूसरे और उत्तर भारत में पहले स्थान पर है। राज्य का आधे से ज्यादा क्षेत्र एनसीआर में आता है। राज्य सरकार इस क्षेत्र में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए इसे एक लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications