बिहार की किशोरी को हरियाणा में 6 लोगों ने अगवा किया, 2 माह तक दुष्कर्म, फिर यूपी से बरामद हुई
पानीपत। हरियाणा में बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले एक परिवार ने अपनी नाबालिग बेटी से 6 लोगों द्वारा रेप किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का कहना है कि करीब 2 माह पहले बेटी को अगवा कर लिया गया था, तब से उसका कोई पता नहीं था। हमने पुलिस थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में पुलिस ने किशोरी को यूपी के फर्रुखाबाद से बरामद किया।

14 वर्षीय किशोरी का कहना है कि एक महिला समेत 6 लोगों ने उसे उठा लिया था। दो महीने तक वे लोग बलात्कार करते रहे। उधर, परिजनों ने जब उच्चाधिकारियों से बेटी को लेकर शिकायत की तो पुलिस पर उसकी बरामदगी के लिए दवाब बढ़ा। पुलिस ने उसे बरामद तो कर लिया, लेकिन किशोरी का आरोप है कि पुलिस ने अदालत में उसके 164 के बयान कराने के दौरान काफी डराया-धमकाया।
संवाददाता के अनुसार, बिहार के मधुबनी जिले का परिवार पानीपत में बीते करीब 19 साल से रह रहा है। वो यहां मजदूरी करते हैं। उनकी बेटी 26 सितंबर को अपनी सहेली के पास गई थी। फिर लौटकर नहीं आ पाई। उसे अगवा कर लिया गया था। किला पुलिस थाना के जांच अधिकारी प्रवीण कुमार का कहना है कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द दूसरे आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications