चोरी के लिए शहर में छोड़ जाता था पति, पत्नी ऑटो सवार यात्रियों के चुराती थी पर्स
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऐसी महिला चोर को गिरफ्तार किया है, जो अपने पति के कहने पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी। पुलिस भी महिला की बात सुनकर चौंक गई। बता दें कि सोमवार को ऑटो में सवार एक महिला का पर्स चोरी हो गया था। जिसके बाद पुलिस ने पर्स चोर की तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से इस महिला चोर को पकड़ लिया, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पति चोरी करने के लिए छोड़ता था रेवाड़ी
दरअसल, दो दिन पूर्व आटो में जा रही एक महिला का पर्स चोरी हो गया था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस को संदेह था कि आटो में पीड़िता के साथ बैठी उसी महिला ने नकदी चोरी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सोमवार को संदिग्ध महिला को बाजार से दबोच लिया। पुलिस की गिरफ्त में आई महिला चोर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह राजस्थान की रहने वाली है और उसका पति राजस्थान में राजमिस्त्री का काम करता है। महिला ने बताया कि उसका पति सुबह बाइक से उसे और बच्चों को चोरी करने के लिए शहर में छोड़ जाया करता था। शाम को लौटते समय वापस ले जाता था।
शहर में ऑटो में सवार होकर देती थी चोरी को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, ऑटो में सवार होकर महिला चोर महिला सवारियों को अपना निशाना बनाती थी। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके है, जब ऑटो में सवारियों के समान और पर्स चोरी होने की वारदातें सामने आई हैं। कई बार तो सवारियों ने मौके पर ही महिला चोरों को पकड़ा है। बावजूद इनके इन महिला चोर गिरोह में पुलिस का कोई ख़ौफ़ नहीं है। वहीं महिला को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उससे पूछताछ में जुटी हुई।
आरोपी पति तलाश कर रही है पुलिस
आरोपित ने बताया कि दो दिन पूर्व महिला के पर्स से चोरी की गई नकदी उसने अपने पति को दे दी थी। गोकलगेट चौकी पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पति की भी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस महिला चोर से पूछताछ कर रही है। महिला चोर के साथ कोई और गैंग भी है क्या पुलिस इस संबंध में जानकारी ले रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही साफ पता चल पाएगा कि वह कब से वारदात को अंजाम दे रही थी।