फोटो खिंचवाने की राजनीति के बजाय खट्टर सरकार से तत्काल समर्थन वापस लें दुष्यंत चौटाला: कांग्रेस
चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने किसानों के मुद्दे पर हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पर एक बार फिर निशाना साधा। सुरजेवाला ने कहा कि, दुष्यंत चौटाला फोटो खिंचवाने की बजाय अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और हरियाणा प्रदेश की खट्टर सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए। सुरजेवाला बोले कि, 'दुष्यंत भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से बातचीत करने का ढोंग कर रहे हैं। किसानों को परेशानी झेलते हुए काफी दिन हो गए।'
कांग्रेस नेता ने कहा- ''दुष्यंत के पास सत्ता की मलाई में हिस्सेदारी के लिए भाजपा नेताओं से नगर परिषद और नगरपालिकाओं के चुनावी गठबंधन और राजनीतिक सौदेबाजी करने के लिए तो समय है, लेकिन किसान संगठनों से बात करने की फुर्सत नहीं है। ये उनकी प्राथमिकताओं को दर्शाती है।' सुरजेवाला ने कहा कि, सच्चाई यह है कि देश का किसान अपनी आजीविका, रोजी रोटी और खेत खलिहान को बचाने के लिए जिंदगी की जंग लड़ रहा है। मगर, भाजपा का विरोध करते हुए वोट मांग कर उसी की गोदी में जा बैठी जजपा ने वोटरों को धोखा दे दिया। जजपा के इस स्टैंड से प्रदेश के किसान उन्हें माफ नहीं करेंगे। वे किसानों के गुनहगार माने जाएंगे।'
डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला बोले- किसानों के लिए MSP सुरक्षित नहीं हुआ तो हम इस्तीफा दे देंगे
बकौल सुरजेवाला, ''जनता को अच्छे से याद है कि हरियाणा के विधानसभा चुनाव से पहले जजपा और ये दुष्यंत चौटाला किस तरह से भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, सरकारी नौकरियों में हेरा-फेरी और अन्नदाता की परेशानियों की बात करते थे। उसके बाद फिर किस तरह चुनाव में इन्होंने भाजपा की मदद करने के लिए अपने प्रत्याशी उतारे थे, कि कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को जीत मिली।'