धान, मक्का, मूंग-बाजरे की खरीद कब से शुरू होगी, हरियाणा सरकार ने बताया
चंडीगढ़। हरियाणा में धान, मक्का, मूंग और बाजरे की फसलों की सरकारी खरीद अगले महीने होगी। राज्य सरकार ने इसकी तारीखों की घोषणा कर दी है। खुद उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस बारे में जानकारी दी। चौटाला ने कहा कि, प्रदेश की मंडियों में धान की खरीद 25 सितंबर व मक्का, मूंग, बाजरे आदि की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि, इन सभी फसलों की खरीद 15 नवंबर तक होगी।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि, इस बार प्रदेश में धान खरीद के लिए 200, बाजरे के लिए 86, मक्का के लिए 19 व मूंग के लिए 38 खरीद केंद्र होंगे। उन्होंने कहा कि, मंडियों में फसल बिक्री के लिए 31 अगस्त तक 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि, किसानों के लिए यह अनिवार्य है। रिकॉर्ड के मुताबिक, किसानों के ओर से अब तक धान के लिए 2.90 लाख पंजीकरण कराए भी जा चुके हैं। इसी तरह बाजरे के लिए 2.45 लाख व मूंग के लिए 66 हजार से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है।
फसल अवशेष प्रबंधन हेतु कृषि यंत्रों की खरीद
राज्य के कृषि विभाग की ओर से कहा गया है कि, किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन हेतु कृषि यंत्रों की खरीद कराई जाएगी। इसके लिए, हरियाणा के कृषि तथा किसान कल्याण विभाग द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन हेतु कृषि यंत्रों की खरीद के लिए 7 सितंबर 2021 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। व्यक्तिगत तौर पर किसान को 50% अनुदान दिया जाएगा। वहीं, किसानों की सहकारी समिति, एफपीओ, पंजीकृत किसान समिति तथा पंचायत द्वारा कस्टम हायरिंग सैंटर स्थापित करने पर 80% अनुदान दिया जाएगा। किसान संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर : 1800-180-2117 एवं विभागीय वेबसाइट www.agriharyana.gov.in पर जा सकते हैं।

वार्षिक गोगा जी मेला स्थगित
सरकार की ओर से आमजन को यह भी सूचित किया गया है कि, वार्षिक गोगा जी मेला इस बार कोरोना महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया है। जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने लिखा कि, हरियाणावासियों को सूचित किया जाता है महामारी के कारण राजस्थान सरकार द्वारा अगस्त/सितम्बर, 2021 में गोगामेड़ी, जिला हनुमानगढ़, राजस्थान में आयोजित होने वाला वार्षिक गोगा जी मेला स्थगित कर दिया गया है। हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग गोगामेड़ी जाते थे, ऐसे में यह सूचना हरियाणा के लोगों को भी दी जा रही है। हरियाणा सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि, आमजन से आग्रह है कि राजस्थान सरकार के उक्त निर्णय के मद्देनजर वे इस मेले में जाने से बचें, ताकि महामारी को फैलने से रोका जा सके।












Click it and Unblock the Notifications