भ्रष्टाचार विरोधी दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम खट्टर, 16 अधिकारियों व कर्मचारियों को किया सम्मानित
Haryana News: पंचकूला में आज हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी शामिल हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का सबसे अधिक प्रभाव गरीब व्यक्ति पर पड़ता है।
पंचकूला में आयोजित अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम खट्टर भ्रष्टाचार का सबसे अधिक प्रभाव गरीब व्यक्ति पर पड़ता है। भ्रष्टाचारी गरीब व्यक्ति का हक मारकर स्वयं को समाज में प्रतिष्ठित दिखाने का कार्य करते हैं। इसलिए हमें समाज के साथ संबंध जोड़कर भ्रष्टाचार को पूर्ण रूप से खत्म करने का प्रयास करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी देश व प्रदेश तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में कम या ज्यादा मिलता है। इससे मुक्त होने के लिए हमें निरंतर प्रयास करना होगा। यदि हम जीवन में संस्कार और संतोष के भाव का समावेश कर लें तो भ्रष्टाचार से मुक्ति पाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईमानदार व्यक्तित्व का आत्मबल मजबूत होता है। इसलिए भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सामाजिक चेतना की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण उपरांत सभी कर्मचारी और अधिकारी समाज के प्रति अपना दायित्व निभाएंगे और भ्रष्टाचार के उन्मूलन में अवश्य कामयाब होंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में भ्रष्टाचार रोकने में सराहनीय कार्य करने वाले 16 अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया।












Click it and Unblock the Notifications