PM Modi in Sonipat: हरियाणा चुनाव में कांग्रेस के गढ़ गोहाना में पीएम मोदी, रैली के लिए इसे ही क्यों चुना?
PM Modi in Haryana Chunav 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बुधवार 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोनीपत जिले के गोहाना में 11 बजे से चुनावी रैली को सम्बोधित करेंगे।
हरियाणा के जाटलैंड गोहाना हलका व कांग्रेस के गढ़ वाली इस सीट पर पीएम मोदी की चुनावी रैली कई मायनों में खास है। गोहाना रैली के जरिए पीएम मोदी सोनीपत, रोहतक और पानीपत जिले की 22 सीटों के साधेंगे।

बता दें कि गोहाना में पीएम मोदी की जन आशीर्वाद रैली के लिए विशाल पांडाल लगाया गया है। करीब 25 एकड़ में लगाए गए पांडाल में 22 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरे रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
पीएम मोदी की गोहाना चुनावी रैली में 10 डीसीपी, 30 से अधिक एसीपी, 100 इंस्पेक्टर के अलावा 1500 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। रैली में सोनीपत की 9, रोहतक की 9 और करनाल लोकसभा क्षेत्र की 4 विधानसभा सीटों के प्रत्याशी शामिल होंगे।
गोहाना में भाजपा आज तक नहीं जीत पाई। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में पीएम मोदी के दौरे से यहां भाजपा को खाता खुलने की उम्मीद है। गोहाना में पीएम मोदी अपनी इस रैली के जरिये, जाट, ओबीसी, ब्राह्मण और सिख वोटरों को साधने की कोशिश करेंगे।
गोहाना सीट पर कांग्रेस के जगबीर मलिक बीते तीन चुनाव से जीत रहे हैं। इस बार भी वे जीत का चौका लगाने के लिए सियासी मैदान में हैं। इनेलो ने 2005 में यह सीट जीती थी। लेकिन उसके बाद से ही कांग्रेस को यहां पर कोई नहीं हरा पाया है।
गोहाना, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, हरियाणा
वर्तमान विधायक जगबीर मलिक, कांग्रेस (4152 वोटों से जीत)
कुल वोटर-194191 पुरुष-103426 महिला-90765
डॉ. अरविंद शर्मा, भाजपा उम्मीदवार
उम्र-61 साल
शिक्षा- डेंटल सर्जन
करियर- तीन सीटों से सांसद चुने जा चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में हार का मुंह देखना पड़ा।
जगबीर मलिक, कांग्रेस उम्मीदवार
उम्र-74 साल
शिक्षा- स्नातक
करियर-साल 2004 से लगातार चुनाव लड़ते आ रहे हैं। वर्तमान में विधायक भी हैं।
सीट का गणित-लगातार चार बार से कांग्रेस जीत रही है। भाजपा का खाता भी नहीं खुला।
गोहाना सीट अजब-गजब रिकॉर्ड
गोहाना सीट जितने अजब-गजब रिकॉर्ड रखती है, उसके मतदाता भी अपने अलग मिजाज के लिए जाने जाते हैं। गोहाना को कांग्रेस का अभेद किला माना जाता है। यहां के लोग लीक छोड़कर जिसकी लहर चल रही होती है उसकी उलटी दिशा में चलते हैं। 2024 के विधानसभा चुनावों में किसका दबदबा होगा ये जनता तय करेगी, लेकिन गोहाना की जनता इस बार भी चौंकाने वाले नतीजे दे सकती हैं। इस सीट पर सबसे ज्यादा 10 बार जाट उम्मीदवार ही जीता है।












Click it and Unblock the Notifications