हरियाणा: मुख्यमंत्री खट्टर ने बुजुर्गों के लिए शुरू की 'समर्थ वृद्धावस्था सेवा आश्रम योजना', जानें डिटेल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुवार को राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सीएम मनोहर खट्टर की सरकार ने हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए 'समर्थ वृद्धावस्था सेवा आश्रम योजना' की शुरुआत की है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए औपचारिक रूप से 'समर्थ वृद्धावस्था सेवा आश्रम योजना' की शुरुआत की।
सीएम खट्टर ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य बुजुर्गों के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं को सुव्यवस्थित करना है, बुजुर्गो को ये सभी कुछ एक ही छत के नीचे आसानी से उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री खट्टर ने प्रेस कान्फ्रेंस ने बुजुर्गों के लिए शुरू की गई इस योजना के बारे में बताया कि पहले चरण में, जगाधरी (यमुनानगर), सोनीपत, हिसार, बहादुरगढ़ (झज्जर), सिरसा और गुरूग्राम समेत कुल छह स्थानों पर सेवा आश्रम स्थापित किए गए हैं।
सीएम ने दावा किया कि हरियाणा सरकार की योजना राज्य के बुजुर्गों को बड़ा सहारा प्रदान करेगी। इस योजना के माध्यम से, वरिष्ठ नागरिकों को रहने के लिए एक जगह प्रदान की जाएगी जो शारीरिक और मानसिक सुरक्षा और आराम दोनों सुनिश्चित करती है। उनकी देखभाल और दैनिक गतिविधियों में सहायता की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम में प्रवेश के इच्छुक किसी भी वरिष्ठ नागरिक को एक आवेदन पत्र जमा करना होगा। वे भी हरियाणा के स्थायी निवासी होने चाहिए। परिवार पहचान पत्र आईडी आवश्यक है। उन्होंने ये भी बताया कि हरियाणा के उन वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के तहत लाभ दिया जाएगा जिनके पास आय का एक स्थिर स्रोत है।
सीएम ने ये भी बताया कि हरियाणा में प्रहरी योजना के तहत प्रदेश में वृद्धजनों का सर्वेक्षण कराया गया, जिसमें सामने आया कि प्रदेश में 75 वर्ष से अधिक आयु के 5200 वृद्धजन हैं, जो इस प्रकार के आश्रम की सेवाएं चाहते हैं. इसलिए इन वरिष्ठ नागरिकों को इन आश्रमों में पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
यह योजना आश्रमों के भीतर व्यापक चिकित्सा देखभाल और नर्सिंग सहायता प्रदान करके बीमार या विकलांग नागरिकों की भलाई को प्राथमिकता देती है। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए मनोरंजन, सामाजिक और सामूहिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन आश्रमों के संचालन के लिए गैर सरकारी संगठन भी आवेदन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications