गुड़गांव: खुले में नमाज के विरोध में माइक पर भजन-कीर्तन, जानें आखिर क्या है पूरा विवाद
गुड़गांव: खुले में नमाज के विरोध में माइक पर भजन-कीर्तन, जानें आखिर क्या है पूरा विवाद
गुड़गांव, 16 अक्टूबर: गुड़गांव के सेक्टर 47 में खुले में नमाज अदा करने को लेकर पिछले 4 हफ्ते से विवाद जारी है। शुक्रवार (15 अक्टूबर) को ये विवाद उस वक्त और भी ज्यादा बढ़ गया जब खुले में नमाज के विरोध में स्थानीय लोगों ने माइक लेकर भजन-कीर्तन करना शुरू किया। विरोध कर रहे स्थानीय निवासियों ने नमाज स्थल पर जाने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और उसके मूल स्थान से 100 मीटर दूर स्थानांतरित कर दिया। विरोध कर रहे लोगों ने पुलिस से ये भी कहा कि अगर वे इस परेशानी का कोई हल नहीं निकाल सकते हैं तो पुलिस स्टेशन में ही उनसे नमाज क्यों नहीं अदा कर लेते।

भारी पुलिस उपस्थिति के बीच में कम से कम 70-80 लोगों ने तख्तियां लिए, नारे लगाए और साइट की ओर मार्च करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें रोक लिया। पुलिस ने पहले मुस्लिम समुदाय के सदस्यों को टकराव से बचने के लिए सुभाष चौक की ओर से स्थल पर पहुंचने के लिए कहा था।
Recommended Video
सदर एसीपी अमन यादव ने कहा, ''प्रार्थना शांतिपूर्वक की गई। पिछले सप्ताह में हमने दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बातें भी की हैं और हम इस मुद्दे को सुलझाने की दिशा में काम कर रहे हैं।''
पुलिस ने कहा कि दोपहर 12 बजकर 40 मिनट के आसपास स्थानीय निवासी साइट के पास एकत्र हुए और एक माइक और एक पोर्टेबल स्पीकर का उपयोग करके गीत और भजन गाने लगे। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर नमाज नहीं रोकने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुताबिक ये विवाद पिछले चार हफ्तों से चल रहा है। इससे पहले 8 अक्टूबर को भी सेक्टर-47 में खुले में नमाज पढ़ने का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया था। इन लोगों को उस वक्त शांत करवाने के लिए पहुंची पुलिस को भी नाराजगी का सामना करना पड़ा था। उसी दौरान जिला प्रशासन ने नमाज स्थल में बदलाव किया था और उसे स्टेट विजिलेंस ब्यूरो से हटाकर करीब 50 मीटर आगे कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications