पूर्व CM ओम प्रकाश चौटाला पोते की शादी में शामिल होने के बाद कोरोना पॉजिटिव, गुड़गांव में भर्ती
गुरुग्राम। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता ओम प्रकाश चौटाला कोरोनावायरस से संक्रमित हैं। 85 वर्षीय चौटाला गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। जहां अभी उनकी हालत स्थिर है। पिछले दिनों वे पोते की शादी के समारोह में शामिल हुए थे। जिसके बाद उन्हें बुखार और सर्दी की शिकायत होने लगी। जब कोरोना टेस्ट कराया तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसके बाद मेदांता अस्पताल ले जाए गए। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि, बीते बुधवार ही चौटाला इस अस्पताल में लाए गए। उन्हें बुखार और सर्दी जैसे लक्षण थे।
इंडियन नेशनल लोकदल के एक नेता ने चौटाला के संक्रमित होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि, पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोते की शादी में हिस्सा लेने के बाद कोरोना महामारी वाला परीक्षण कराया था। जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कहा गया कि, जो लोग भी उनके संपर्क में आए हों वे स्वयं की जांच कराएं और क्वारंटाइन हो जाएं।'' वहीं, एक स्वास्थ्य-कर्मी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "उनकी आयु को ध्यान में रखते हुए, उनके स्वास्थ्य की जाँच के लिए कई अन्य परीक्षण भी किए गए हैं। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर है।"
गौरतलब है कि, ओम प्रकाश चौटाला के पोते की शादी का रिसेप्शन 30 नवंबर को सिरसा के फार्महाउस में हुआ था। चौटाला पिछले दिनों वहीं थे। उसके बाद उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई और अब उनका उपचार चल रहा है।