Faridabad Greater Noida Road: 30 मिनट में पूरा होगा सफर, मंझावली पुल से NCR को मिलेगी नई कनेक्टिविटी
Faridabad Greater Noida Road: फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना यात्रा करनेवालों के लिए राहत की खबर आई है। यमुना नदी पर बने मंझावली पुल से जुड़ी लिंक रोड परियोजना नए साल में पूरी हो सकती है। इस प्रोजेक्ट के तेजी से आगे बढ़ने से दोनों शहरों के बीच सफर अब आसान होगा। इस सड़क के तैयार होने के बाद फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा आने-जाने में सिर्फ 30 मिनट लगेंगे। यह दोनों शहरों के बीच सड़क मार्ग की पहली कनेक्टिविटी होगी।
अब तक दोनों शहरों के बीच कोई सीधा सड़क मार्ग नहीं है। फरीदाबाद में कई बड़ी कंपनियों के ऑफिस हैं। यहां काम करनेवाले लोगों की एक बड़ी आबादी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रहती है। इस वजह से यात्रियों को कालिंदी कुंज या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जैसे वैकल्पिक और भीड़भाड़ वाले रास्तों से गुजरना पड़ता है।

Manjhawali Bridge बनने से आम लोगों को होगा फायदा
- पीक ऑवर्स में कांलिदी कुंज और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जैसे मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी।
- नई सड़क बनने से दूरी कम होगी, बल्कि रोजाना यात्रा करने वाले कर्मचारियों, छात्रों और व्यापारियों को बड़ा फायदा मिलेगा। आपातकालीन सेवाओं के लिए भी यह मार्ग बेहद अहम साबित होगा।
Manjhawali Bridge Update: चार लेन सड़क होगी तैयार
परियोजना के तहत ग्रेटर नोएडा से मंझावली पुल तक चार लेन की सड़क बनाई जाएगी। हरियाणा सरकार की ओर से दी जानकारी के मुताबिक, पुल पहले से तैयार है। यह परियोजना लंबे समय से अटकी हुई थी, क्योंकि उत्तर प्रदेश की ओर से अप्रोच रोड नहीं तैयार हो सका था। चार लेन की सड़क निर्माण पर करीब 66 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस परियोजना में नई अप्रोच रोड के साथ-साथ मौजूदा सड़कों को मजबूत करना, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और सुरक्षा इंतजाम शामिल किए गए हैं।
किसानों से मुआवजे पर चल रही है बातचीत
परियोजना से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि प्रोजेक्ट में अभी कुछ बाधाएं हैं। अगर सभी बाधाएं समय पर दूर हो जाती हैं, तो सड़क एक साल के अंदर बनकर तैयार हो जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। किसानों से मुआवजे पर सहमति बनाने का काम चल रहा है। अब तक करीब 70 प्रतिशत जमीन अधिग्रहित की जा चुकी है। प्रशासन ने जल्द समाधान होने की उम्मीद जताई है।
Faridabad Greater Noida Road से बेहतर होगी कनेक्टिविटी
- यह सड़क एनसीआर में पूर्व और पश्चिम हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ेगी। साथ ही यमुना किनारे बसे गांवों को स्कूल, अस्पताल और बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी।
- वर्षों पुरानी इस योजना को दिसंबर 2025 में शिलान्यास के बाद नई गति मिली है, जिससे इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद मजबूत हुई है।
- माना जा रहा है कि 2026 में चार लेन की सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा और रूट आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications