Faridabad: कलयुगी पिता! घरेलू कलह में पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी को बनाया हवस का शिकार, ऐसे खुला मामला
Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक 42 वर्षीय ऑटो रिक्शा चालक को अपनी ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर के न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांचकर्ताओं के अनुसार, पीड़िता, जो कक्षा 7 की छात्रा है, अपनी मां के अलग हो जाने के बाद से अपने पिता के साथ अकेली रह रही थी। आरोपी की पत्नी शराब की लत के कारण पति से लगातार घरेलू झगड़ों से परेशान होकर अपने छह बच्चों में से दो को साथ लेकर चरखी दादरी में अपनी बहन के घर चली गई थी।

ऐसे सामने आया मामला
पुलिस ने बताया कि यह घिनौना मामला तब सामने आया जब बुधवार सुबह तबीयत खराब होने के बाद लड़की ने पड़ोस की एक बुजुर्ग महिला से मेडिकल मदद मांगी। जांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़की को पेट दर्द और बुखार हो रहा था। अधिकारी ने कहा, "जब पड़ोसी महिला उसे डॉक्टर के पास ले गई, तो किशोरी ने मंगलवार रात को हुए हमले के बारे में खुलासा किया। महिला ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद एक टीम पीड़िता तक पहुंची।"
दो महीने से सह रही थी
काउंसलिंग के दौरान, पीड़िता ने खुलासा किया कि उसका पिता, जो लगभग हर रात नशे की हालत में घर लौटता था, पिछले दो महीनों से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चले जाने से नाराज था और उसने अपनी सबसे बड़ी बेटी को निशाना बनाया। लड़की बीमारी असहनीय होने तक डर के मारे चुपचाप इस अत्याचार को सहती रही।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
फरीदाबाद पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी यशपाल यादव ने बताया कि पीड़िता के बयान के बाद, आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत 'गंभीर भेदक लैंगिक हमला' (Aggravated Penetrative Sexual Assault) और 'यौन उत्पीड़न' (Sexual Harassment) के लिए एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई।
यादव ने आगे बताया कि अधिकारी अब उस व्यक्ति की तीन अन्य नाबालिग बेटियों की काउंसलिंग कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उन्हें भी किसी यौन उत्पीड़न या यातना का शिकार तो नहीं बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications