Haryana News: कांग्रेस और केजरीवाल भ्रष्टाचार के पर्यायवाची, पीएम मोदी और भाजपा विकास की गारंटी: सतीश पूनिया
Haryana News: भाजपा हरियाणा प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस और केजरीवाल प्रलोभन की राजनीति करते हैं। भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुनाव के समय में जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। लेकिन जनता इन लोगों की नीयत भांप चुकी है।
चुनाव प्रभारी डॉ. पूनिया ने कहा कि हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने करप्शन फ्री और कांग्रेस फ्री सरकार दी है। जो हरियाणा के विकास के लिये समर्पित है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले सड़कों पर, रेलों में, खेलों में और जेलों में खर्ची और पर्ची की सरकारों की ही चर्चा रहती थी। 2014 के बाद भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार ने पारदर्शी सिस्टम लागू किया और हर नागरिक को सरकार की योजनाओं से ईमानदारी से जोड़ा।

डॉ. पूनियां पंचकूला स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय पंचकमल में रविवार को प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। मीडिया के सवाल के जवाब में डॉ. पूनिया ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी घेरा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने जनता के पैसों पर डाका डाला है। अब केजरीवाल का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। इंडी गठबंधन पर बोलते हुए पूनिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव में ना इंडी गठबंधन सफल होगा और ना ही केजरीवाल की नीति सफल होगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और नेताओं के प्रयासों से हरियाणा में लोकसभा चुनाव में मिशन 10 को पूरा करेगी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, प्रदेश मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी संजय आहूजा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक छाबड़ा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नवीन गर्ग और प्रदेश मीडिया सह प्रभारी संदीप आजाद भी मौजूद रहे।
डॉ. पूनिया ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गुरुग्राम और पंचकूला में प्रमुख नेताओं, लोकसभा प्रत्याशी, प्रदेश की चुनाव प्रबंधन समिति, कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया, संवाद किया और चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के 19 हजार 812 बूथों पर धरातल पर काम कर रही है। पोलिंग स्टेशन तक कार्यकर्ताओं की पहुंच है। यह हरियाणा में भाजपा के संगठनात्मक स्वरूप का बड़ा उदाहरण है।
हमारे पास हरियाणा में एक अच्छी टीम तैयार है और हम बेहतर तरीके से चुनाव लड़ेंगे और निश्चित तौर पर 10 की 10 सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पार्टी ने शुरूआती दौर का चुनावी कैंपेन शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर चुनावी प्रचार कर रहे हैं।
भाजपा हरियाणा के लोकसभा प्रभारी ने कहा कि 10 सालों में हरियाणा के अंदर काफी बदलाव आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शुरूआत हरियाणा से की और उसका परिणाम सकारात्मक आया है। आज लिंगानुपात 815 से बढ़कर 965 तक पहुंच गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं के स्वाभिमान के लिए मोदी सरकार ने काम किए हैं। शौचालय बनवाकर और बैंकों में खाता खुलवाकर मोदी सरकार ने लोगों के जीवन को बदला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान और चिरायु कार्ड और बुनियादी विकास कराकर मोदी सरकार ने भरोसा पैदा किया है। इन दस सालों में भगवान श्रीराम का अयोध्या में मंदिर बना, जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में वैचारिक मुद्दों का समाधान हुआ है। हरियाणा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के बारे में उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में हरियाणा देश में तीसरे नंबर पर है। हरियाणा के 19 लाख किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि मिल रही है। 60 लाख किसानों को फसल बीमा योजना के तहत क्लेम मिला है। 1.6 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिला है। यही बदलते हरियाणा का स्वरूप है।
भाजपा की प्राथमिकता समस्याओं के समाधान कराने की है। हरियाणा के भी बहुत से ऐसे मुद्दे और मसले हैं जिनका समाधान भविष्य में करना है। भाजपा लोगों के सुझाव ले रही है। इसके लिए पार्टी के रथ गांव-गांव जाकर लोगों के सुझाव ले रहे हैं। लोगों के सुझावों को पार्टी अपने संकल्प पत्र में समाहित करेगी।
अरविंद केजरीवाल के वायरल वीडियो पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए डॉ. पूनिया ने कहा कि शराब घोटाले में बंद केजरीवाल वीडियो के जरिए जस्टिफाई करने का प्रयास कर रहे हैं। केजरीवाल ने जो स्कैम किया है। वह उजागर हो गया है। सच्चाई सभी को पता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिकों की दुर्दशा हो रही है। केजरीवाल जेल से सहानुभूति बटोरने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने जिस तरीके से देश की राजनीति को विकृत करने का प्रयास किया है। उसका चेहरा देश के सामने है। इंडी गठबंधन को भानूमति का कुनबा जैसा बताते हुए कहा कि यह जल्द ही बिखर जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विदेशों में भारत के पासपोर्ट की कद्र हुई है। योग दिवस को मान्यता मिली। भारत इंटरनेशनल सोलर अलायंस को लीड कर रहा है।
दुनिया में भारत की साख बढ़ी है। दुनिया का नजरिया भारत के प्रति बदला है। कोरोना काल में मात्र 9 महीने में कोरोना वैक्सीन बनना प्रधानमंत्री मोदी की नीतिगत सफलता है।
देशभर में 80 करोड़ लोगों को मिल रहे राशन के सवाल पर डॉ. पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच है कि देश में कोई व्यक्ति भूखा ना सोए। मोदी सरकार ने कोरोना की जंग में लोगों का पेट भरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल या कांग्रेस चुनाव के समय घोषणा करते हैं। लोगों को प्रलोभन देकर सत्ता पर काबिज होने का प्रयास करते हैं। लेकिन जनता इनकी नीयत को समझ और जान चुकी है।
डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा हरियाणा में संगठनात्मक, राजनीतिक और रणनीतिक तौर पर आश्वस्त है कि 10 की 10 सीटें बड़ें मार्जिन से जीतेगी, देश में भाजपा का मिशन 370 और 400 पार भी पूरा होगा और नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications