भिवानी हत्याकांड: बजरंग दल के आरोपी मोनू मानेसर बोले , 'मैं गुरुग्राम होटल में था, मृतकों को नहीं जानता'
भिवानी हत्याकांड: भिवानी के लोहारू में एक बोलेरो कार में जले हुए नरकंकाल बरामद हुए हैं। मृतकों की पहचान 35 साल के जुनैद और 25 साल के नासिर के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले थे।

Bhiwani case update: हरियाणा के भिवानी में दो लोगों को जिंदा जलाए जाने की घटना चर्चा में आ गई है। राजस्थान की सीमा से सटे हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू कस्बे के गांव बारवास की बणी में गुरुवार सुबह एक बोलेरो कार जली हालत में मिली। बोलेरो कार से दो युवकों के कंकाल मिले। लोहारू डीसीपी जगत सिंह मोर ने कहा, ''भिवानी जिले के लोहारू में सुबह 8 बजे एक जली हुई बोलेरो में 2 कंकाल मिले। FSL व अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं। आशंका यह है कि उन दोनों पीड़ित की मौत या तो गाड़ी में आग लगने के कारण हुई हो या फिर जलाकर मारा हो। मामले में जांच की जा रही है।'' मृतकों की पहचान राजस्थान के भरतपुर के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव घाटमिका निवासी जुनैद और नासिर के रूप में हुई है। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि बजरंग दल के सदस्यों ने दोनों को किडनैप किया था और उनकी हत्या कर दी। अब इस पूरे मामले पर बजरंग दल का बयान सामने आया है।
'सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे गलत है'
भिवानी हत्याकांड में बजरंग दल के पांच कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज हुई है। आरोपियों में से एक नाम मोनू मानेसर का भी है। भिवानी हत्याकांड पर अब बजरंग दल के मोनू मानेसर ने कहा, ''मेरी टीम और मेरा इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस को असली दोषियों का पता लगाने के लिए जांच करनी चाहिए। इसमें घसीट कर हमारी संस्था को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर जो भी दावे किए जा रहे हैं, वे बिल्कुल गलत हैं।''
'घटना के वक्त मैं होटल में था'
मोनू मानेसर ने आगे कहा, ''जब यह घटना हुई, मैं गुरुग्राम के एक होटल में था और हमारे पास इसकी फुटेज है। मैं दो पीड़ितों को नहीं जानता था और मुझे नहीं पता कि उनके साथ क्या हुआ। हम भी अपनी तरफ से इस घटना की जांच कर रहे हैं ताकि दोषियों का पता लगाया जा सके।'' मोनू मानेसर ने कहा है कि एफआईआर में उनका नाम इसलिए दर्ज किया गया है क्योंकि वह गोरक्षा का काम करते हैं।
ओवैसी ने भाजपा सरकार पर उठाए सवाल
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ''जुनैद और नासिर को एक संगठित गिरोह ने मारा। हरियाणा की भाजपा सरकार इस घटना की जिम्मेदार है क्योंकि वे इस संगठित गिरोह को संरक्षण देते हैं।''












Click it and Unblock the Notifications