आज से हरियाणा में धुंआधार प्रचार करेंगे केजरीवाल, रोड शो से लेकर जनसभा तक का है कार्यक्रम
हरियाणा विधानसभा चुनाव की वोटिंग में अब कुछ ही समय बाकी है। पिछले दो टर्म से राज्य की सत्ता पर काबिज BJP ने हैट्रिक लगाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। तो वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इस बार सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रही है। इन सब के बीच आम आदमी पार्टी भी हरियाणा में तीसरे विकल्प की बात कर रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर निकलते ही हरियाणा में हुंकार भर रहे हैं। आप ने राज्य में 90 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। इसी बीच दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज से चुनावी रण में दंभ भरने के लिए हरियाणा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार यमुनानगर के जगाधरी विधानसभा में रोड शो किया। आज केजरीवाल डबवाली विधानसभा में AAP उम्मीदवार कुलदीप सिंह गदराना के समर्थन में रोड शो करेंगे। रविवार को केजरीवाल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'जनता की अदालत' लगाई थी। इस दौरान उन्होंने BJP और RSS पर जमकर निशाना साधा था। बीजेपी और आरएसएस से कई सवाल पूछे थे। इस्तीफा देने के बाद पहली बार दिल्ली की जनता को संबोधित किया था।

मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा
तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और आतिशी को अपने उत्तराधिकारी के रूप में चुना। ऐसे में केजरीवाल किसी भी जिम्मेदारी से मुक्त हैं, तो वह हरियाणा में पार्टी के लिए वोट बैंक साधने की जुगत में लग गए हैं। बता दें कि हरियाणा में कांग्रेस से गठबंधन न हो पाने के बाद आम आदमी पार्टी ने सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया था। आप की ओर से पंजाब के सीएम भगवंत मान और राज्यसभा संजय सिंह भी हरियाणा में चुनाव प्रचार कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications