जाटलैंड भिवानी में BJP पर खूब बरसे केजरीवाल, कहा- 'हरियाणा से BJP को भगाना है'
हरियाणा की चुनावी रण में राजनीतिक पार्टियां जमकर प्रचार-प्रसार कर रही हैं। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल भी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में अपने प्रत्याशियों के लिए रैलियां कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने हरियाणा के भिवानी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने उम्मीदवार इंदु शर्मा के बारे में बोलते हुए केजरीवाल ने कहा, इस बार भिवानी से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार इंदु शर्मा जी हैं। इंदु जी को जिताइए और BJP को भगाइए। भिवानी में इससे पहले उन्होंने रोहतक के महम में रैली किया।
भिवानी में लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा आज भिवानी में मैं अपनी जन्मभूमि में आया हूं। आप सब लोग मेरे रिश्तेदार हैं। आपके लाल को BJP वालों ने फर्जी मामले में जेल भेज दिया। मेरी दवाएं बंद कर दी। मेरे ऊपर तमाम अत्याचार किए और इस बार आप लोगों को मेरे ऊपर हुए अत्याचार का जवाब देना है। इन्होंने मुझे तोड़ने की बहुत कोशिश की लेकिन ये भूल गए कि मैं हरियाणा का हूं, ये लोग मुझे नहीं तोड़ सकते हैं।

आप सुप्रीमों ने कहा कि आपके लाल ने पूरी दुनिया में हरियाणा का नाम ऊंचा किया है। दिल्ली और पंजाब में हमने तमाम व्यवस्थाएं सुधार दी हैं। जनता को 24 घंटे मुफ्त बिजली दी है। हमने दिल्ली के सरकारी स्कूल सुधार दिए।अमीरों के बच्चे भी अब सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं। अब आप बताइए बिजली फ्री देने वाला, सरकारी स्कूल और अस्पताल को शानदार बनाने वाला चोर हो सकता है?
बीजेपी पर आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा, BJP वालों ने जनता के काम रोकने और मेरी ईमानदारी पर धब्बा लगाने के लिए मुझे जेल भेज दिया। इन्होंने मुझपर इस्तीफा देने का दबाव बनाया लेकिन मैं नहीं झुका। मैंने बाहर आकर इस्तीफा दे दिया और अब अग्नि परीक्षा दे रहा हूं। अब दिल्ली की जनता मुझे फिर से चुनकर भेजेगी, तभी CM की कुर्सी पर बैठूंगा। इस बार जनता ने मन बना लिया है कि इस बार हरियाणा से BJP को भगाना है।












Click it and Unblock the Notifications