कांग्रेस पर बरसे अनिल विज, बोले- अयोध्या इनके लिए राजनीतिक मसला, हमारे लिए आस्था का विषय
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण को कांग्रेस ने जिस तरह से ठुकराया है उसपर हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने तीखा हमला बोला है। अनिल विज ने कहा कि धार्मिक भावना जिसके अंदर होगी और राम के प्रति प्यार होगा वो समारोह में जाएगा और जिसके अंदर नहीं है वो नहीं जाएगा। कांग्रेस राजनीतिक भावना की वजह से नहीं जा रहे हैं।
अनिल विज ने कहा कि सारा देश वहां जाना चाहता है, हम भी जाएंगे, 22 को तो नहीं लेकिन जब भी समय मिलेगा जाएंगे। मेरा वहां जाना या नहीं जाना धार्मिक फैसला है। लेकिन वहां जाना है या नहीं जाना है कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों ने जो फैसला लिया है, वह राजनीतिक है, लिहाजा इन दोनों बातों में अंतर है। ये लोग वोट गिनते हैं, वोटों का क्या फायदा-नुकसान होगा, हमारे लिए यह आस्था, विश्वास, श्रद्धा है।

हमारा श्रीराम जी में विश्वास है। 500 सालों के बाद राम लला अपने स्थान पर विराजमान हो रहे हैं। 22 जनवरी को झूमकर दिवाली मनाएंगे। पहले 14 साल के बाद राम जी अयोध्या वापस आए थे तो दिवाली मनाई गई थी। अब तो 500 साल के बाद वह यहां वापस आ रहे हैं और भी धूमधाम से हम लोग 22 जनवरी को दिवाली मनाएंगे।
गौर करने वाली बात है कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में राम लला को मंदिर के गर्भ गृह में विराजमान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी समेत देश के कई गणमान्य पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications