AAP Haryana: रोहतक में बाबा साहेब की प्रतिमा टूटने पर तनाव, अनुराग ढांडा बोले- BJP सरकार में अपराधी बेलगाम
AAP Haryana: हरियाणा के रोहतक जिले में कलानौर ब्लॉक के खैरड़ी गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार और हरियाणा पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है।

लगभग दो सप्ताह पहले 9 अप्रैल को हुई इस घटना के बाद से ही गांव में भारी तनाव व्याप्त है। आप नेता ने आरोप लगाया है कि सरकार और पुलिस की ढिलाई की वजह से अपराधी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश: अनुराग ढांडा
अनुराग ढांडा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि खैरड़ी गांव के 'सद्भावना स्थल' पर बाबा साहेब और सर छोटूराम की प्रतिमाएं एकता के प्रतीक के रूप में स्थापित की गई थीं। लेकिन 9 अप्रैल की रात को एक गहरी साजिश के तहत बाबा साहेब की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया ताकि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ा जा सके।
ढांडा ने हरियाणा सरकार से तीखे सवाल पूछते हुए कहा-क्या बाबा साहेब का आपकी नजरों में यही सम्मान है? क्या भाजपा सरकार में पुलिस इतनी नाकारा हो चुकी है कि संविधान निर्माता का अपमान करने वालों को सलाखों के पीछे नहीं भेज सकती? या फिर यह सब सरकारी संरक्षण में हो रहा है?
धरने पर बैठे ग्रामीण: नहीं मनाया गया अंबेडकर जयंती का उत्सव
प्रतिमा खंडित होने के विरोध में खैरड़ी गांव के ग्रामीणों ने इस साल न तो बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण किया और न ही 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती मनाई। ग्रामीण और दलित समाज के लोग कम्युनिटी हॉल के पास लगातार धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्होंने न्याय न मिलने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी है।
आम आदमी पार्टी की चेतावनी
अनुराग ढांडा ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है और वह संविधान निर्माता का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी।












Click it and Unblock the Notifications