Kumbh Mela 2021: बिना पास नहीं मिलेगी एंट्री, कराना होगा RT-PCR टेस्ट
Haridwar Kumbh Mela 2021: हरिद्वार। धर्म नगरी हरिद्वार में विश्व का सबसे बड़ा मेला कुंभ शुरू होने जा रहा है। महा शिवरात्रि के अवसर पर 11 मार्च को हरिद्वार कुंभ का शाही स्नान होगा। कुंभ मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए तमाम एहतियात भी बरती जा रही है। ऐसे में अगर आप भी हरिद्वार कुंभ में आने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। बिना पास के आप हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। ये पास बनवाने के लिए आपको RT-PCR टेस्ट करना होगा। अगर आपका RT PCR टेस्ट नेगेटिव आता है तो ही आपका पास बन पाएगा। डीएम सी रविशंकर ने कहा कि बिना पास के कुंभ मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

हरिद्वार जिला प्रशासन ने कुंभ मेला ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए कोरोना की 70 हजार वैक्सीन की मांग की है। सोमवार से कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। इसके अलावा कुंभ मेले में 65 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और 10 साल से कम उम्र के बच्चों, अतिसंवेदनशील व बीमार व्यक्तियों को मेले में नहीं जाने की सलाह दी गई है। केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों के आधार पर उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न प्रदेशों से यह अनुरोध किया है।
डीएम सी. रविशंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि मेला ड्यूटी में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही हैं। आज स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। सोमवार से फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 100 सेंटर बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि हरिद्वार कुंभ में देशभर से हरिद्वार आने वाले यात्रियों को पास जारी किया जाएगा। आरटीपीसीआर टेस्ट कराने के बाद कुंभ मेले के लिए तैयार किए गए पोर्टल www.haridwarkumbhmela2021.com पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के लिए RT-PCR रिपोर्ट, मेडिकल सर्टिफिकेट, और आईडी प्रूफ को पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके बाद श्रद्धालु को कुंभ मेला पास जारी किया जाएगा। स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पास दिखाना अनिवार्य होगा।












Click it and Unblock the Notifications