UP News: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, दो की मौत, 23 घायल, नैमिषारण्य से लौटते समय हुआ हादसा
UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बेनीगंज कस्बे में नैमिषारण्य से भोले की बारात में शामिल होकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली शुक्रवार शाम अनियंत्रित होकर सीतापुर रोड पर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग पुलिस को सूचना देने के साथ ही ट्राली में दबे लोगों को उसमें से निकालकर अहिरोरी स्थित सीएचसी पर पहुंचाया। वहां घायलों का इलाज शुरू हुआ वहीं गंभीर रुप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि बघौली थाना क्षेत्र के बिराजीखेड़ा गांव निवासी दलगंजन सिंह की पत्नी को काफी समय बाद बेटा हुआ। इसी खुशी में उन्होंने गांव में भागवत कथा का आयोजन और मंदिर का निर्माण कराया। शुक्रवार को माघ अमावस्या के दिन भोले की बारात निकालने का कार्यक्रम था।
शुक्रवार को रिश्तेदार भोले की बारात लेकर नैमिषारण्य गए थे। देर शाम सभी लोग नैमिषारण्य से लौट रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठे लोग बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर शुक्लापुर गांव के पास पहुंचे थे। उसी समय ट्रैक्टर चालक ने विपरीत दिशा से आ रहे वाहन से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगने से ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
ट्रैक्टर पलटने से विराजीखेड़ा निवासी अनिल कुमार की पत्नी अनीता (40) और अनूप की बेटी पूजा (18) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं करीब दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी और एसपी भी अस्पताल पहुंच गए और घायलों से हादसे के बारे में जानकारी लेने के साथ ही समूचित इलाज का निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications