UP News: पेड़ से टकराने के बाद कार में लगी आग, पति-पत्नी की गई जान, कॉलेज से लौटते वक्त हुआ हादसा
UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरदोई में एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद उसमें आग लग गई। आग लगने से कार में सवार पति-पत्नी जिंदा जल गए।
घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने फोन करके पुलिस को घटना की जानकारी दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दंपति के पास मिले कागजात के आधार पर उनकी पहचान करने के साथ ही फोन करके परिजनों को घटना की सूचना दी।

बताया जा रहा है कि पति अपनी पत्नी को स्नातक की परीक्षा दिलाने के बाद उसे लेकर वापस लौट रहा था। लौटते समय यह हादसा हो गया। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद दंपती के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
टक्कर होते ही कार में लगी आग: घटनास्थल के समीप मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताया गया कि दोपहर में कार तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी बीच अचानक कार पेड़ में टकराई और तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग कार के पास पहुंचे।
लोग जब तक उसमें सवार दंपति को बाहर निकलते तब तक कार में आग पकड़ ली थी। विकराल आग पकड़ने के चलते वहां मौजूद लोग दंपति को कर में से बाहर नहीं निकाल पाए। देखते ही देखते कार में मौजूद दंपति जिंदा जल गए।
लखनऊ से ख़रीदी थी कार: बताया जा रहा है कि कोतवाली शहर के मोहल्ला रद्धेपुरवा निवासी आकाश पाल हाल ही में लखनऊ से एक कार खरीदा था। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी 30 वर्षीय कीर्ति पाल को लेकर सांडी थाना क्षेत्र में स्थित डिग्री कॉलेज में परीक्षा दिलाने के लिए गया था।
परीक्षा दिलाने के बाद आकाश अपनी पत्नी को लेकर वापस लौट रहा था इसी दौरान हादसा हो गया। कुछ लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि टायर फटने के चलते उनकी कार पेड़ से टकरा गई थी। टक्कर होने के बाद कार में आग लगी उसके बाद आग सीएनजी सिलेंडर तक पहुंच गई। सीएनजी सिलेंडर में आग लगने के चलते ही विकराल रूप धारण कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications